पठानकोट में बारिश का दौर लगातार जारी है। मंगलवार सूखा बीतने के बाद बुधवार सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे। इस दौरान तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को बारिश का दौर थमने के बाद अधिकतम तापमान 5 डिग्री बढ़कर 27.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री गिरकर 10.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा था। लेकिन, बुधवार को एक बार फिर मौसम ने पलटी मारी। दोपहर में हुई बारिश से अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री से 5 डिग्री लुढ़क कर 22.3 पर जा पहुंचा। वहीं, न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा। अगले 2 दिन चलेंगी तेज हवाएं दूसरी ओर, पहाड़ी क्षेत्रों में भी बर्फबारी जारी है, जिससे ठंडी हवाएं चल रही हैं। इससे मैदानी इलाकों में भी ठंड का असर देखने को मिल रहा है। अब मौसम विभाग ने 18, 19 और 20 मार्च को बारिश के साथ 30-40 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इससे फसलों को नुकसान पहुंचने की संभावना है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। फिर से निकले गर्म कपड़े
लगातार 3 दिन से तापमान में गिरावट के चलते रात का तापमान गिरकर 10 डिग्री तक पहुंचने से सुबह और रात में ठंडक महसूस की जा रही है। दोपहर में भी लोगों को सर्दी का एहसास हो रहा है। जिससे लोगों ने फिर से गर्म कपड़ों के पहनना शुरू कर दिया है। स्वास्थय विशेषज्ञों का कहना है कि अचानक से मौसम में आई तब्दीली के कारण लोगों को एहतियात बरतना चाहिए। तीन दिन बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, 19 और 21 मार्च को भी कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अगले 2 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होगी, इसके बाद अगले 3 दिनों में 5 से 7 डिग्री की गिरावट आएगी और फिर उसके बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री की वृद्धि होगी।