पंजाब सरकार ने युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ी पहल की है। राज्य भर में 3000 नए खेल स्टेडियम बनाने का निर्णय लिया गया है, जिनमें से 30 स्टेडियम अकेले विधानसभा हलका भोआ में बनाए जाएंगे। इसी कड़ी में, कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने भोआ हलके में पांच खेल स्टेडियमों की आधारशिला रखी। यह कदम युवाओं को खेल गतिविधियों में शामिल कर उन्हें नशे के चंगुल से बचाने के उद्देश्य से उठाया गया है। युवाओं को नशे से दूर रखने की हो रही कोशिशः मंत्री कटारूचक्क इस अवसर पर जानकारी देते हुए कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने कहा कि राज्य सरकार बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उनका लक्ष्य पंजाब की युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाना है। खेल मैदानों के अभाव में युवा भटक रहे मंत्री ने बताया कि इससे पहले राज्य सरकार ने “खेलें वतन पंजाब दीएं” कार्यक्रम शुरू किया था, जिसे पूरे पंजाब में व्यापक समर्थन मिला था। मंत्री ने स्वीकार किया कि पंजाब में खिलाड़ियों की कमी नहीं है, लेकिन खेल मैदानों के अभाव के कारण युवा अक्सर भटक जाते हैं। इसी समस्या के समाधान के लिए राज्य सरकार ने पूरे पंजाब में 3000 खेल स्टेडियम बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिस पर करोड़ों रुपए खर्च किए जाएंगे। भोआ में बन रहे ये स्टेडियम बच्चों को खेलों में अपना भविष्य उज्ज्वल बनाने का अवसर प्रदान करेंगे।
