पटियाला के SST नगर में मंदिर विवाद के बाद हिंदू संगठनों द्वारा हनुमान चालीसा पाठ की कॉल दिए जाने पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने जिला पीस कमेटी के साथ मिलकर दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर स्थिति को शांत करवाया। यह विवाद मंदिर पर कब्जे को लेकर एक विशेष समुदाय और हिंदू संगठनों के बीच चल रहा है। हिंदू संगठनों ने आज मंदिर में पहुंचकर हनुमान चालीसा का पाठ करने की घोषणा की थी, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की और स्थिति को संभाला। पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखने में सहयोग करें, क्योंकि बातचीत से मसले को सुलझा लिया गया है। स्थिति को देखते हुए SST नगर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। मौके पर पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा, एसपी सिटी मोहित अग्रवाल के साथ-साथ कई थानों के प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इलाके में लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि स्थिति बिगड़ने न पाए और शांति बनी रहे।
