दिवाली पर हाथ में पटाखा जलाने से पांच साल की बच्ची और 14 साल के बच्चे की अंगुलियां उड़ गईं। पाइप बम चलाने और उसमें बारूद भरने के दौरान बच्चे समेत दो लोगों की आंखें जल गईं। इन सभी को जयपुर के SMS हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। SMS मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉक्टर दीपक माहेश्वरी ने बताया- 19 और 20 अक्टूबर को कुल 46 मरीज बर्न के आए। इनमें से 10 को भर्ती किया गया। वहीं, 53 मरीजों की आंखों में इंजरी हुई, जिनमें से 14 मरीज गंभीर होने पर उनको भर्ती करके ऑपरेट किया गया है। इसमें 4 बच्चे भी शामिल हैं। बम फटने से 3 अंगुलियां हुईं अलग
SMS मेडिकल कॉलेज में प्लास्टिक सर्जरी डिपार्टमेंट के हेड डॉक्टर आर.के. जैन ने बताया- बर्न यूनिट में तीन मरीज ऐसे हैं, जिनके अंग विच्छेद के केस हैं। इनमें 5 साल की बच्ची अन्नु है, जिसके दाएं हाथ में बम फटने से 3 अंगुलियां अलग हो गईं। कोटपूतली के रहने वाले अंकित जाट (14) की भी ऐसी ही स्थिति देखने को मिली। उसके दाएं हाथ में पटाखा जलने से दो अंगुलियां अलग हो गईं। इन दोनों का अब ऑपरेशन किया जाएगा। एक अन्य के भी हाथ में बम फटने से गंभीर इंजरी हुई है। पाइप बम से जली आंख
इन दिनों पाइप बम (जिसमें पोटाश भरकर हिट किया जाता है) चलन में है। पाइप बम से एक युवक की आंख जल गई। झुंझुनूं के रहने वाले रवि (24) ने बताया- मैं रास्ते में जा रहा था। तभी वहां एक व्यक्ति ने अचानक पाइप बम में हिट किया। उसमें ब्लास्ट हो गया। इससे मेरी बायीं आंख जल गई। इलाज के लिए मुझे पहले झुंझुनूं और वहां से सीकर लेकर आए। बाद में रेफर करके एसएमएस हॉस्पिटल भेजा गया। अब SMS हॉस्पिटल में ऑपरेशन किया जाएगा। बारूद भरते समय हुआ धमाका
इसी तरह डीग के रहने वाले रोहित (15) का चेहरा और दोनों आंख पाइप बम में बारूद भरते समय धमाका होने से जल गईं। रोहित की मां ने बताया- वह गंधक और पोटाश मिलाकर पीस रहा था, ताकि उसे पाइप में भर सके। इस दौरान उसमें ब्लास्ट हो गया। धमाके के साथ रोहित की आंखें और चेहरा जल गए। दो दांत भी टूट गए। ब्लास्ट के साथ ही वह बेहोश हो गया। उसे भरतपुर जिला हॉस्पिटल लेकर गए, जहां से उसे जयपुर रेफर किया गया। डीग के पहाड़ी इलाके में रहने वाला 7 साल का यथार्थ और उसके कुछ साथी बच्चे पटाखे जला रहे थे। इस दौरान यथार्थ की आंख में गंभीर चोट लग गई। वह गंभीर घायल अवस्था में रोता हुआ घर आया, जिसके बाद उसे हॉस्पिटल लेकर आए। उसकी बायीं आंख में चोट लगी है। उसका ऑपरेशन किया गया है।
