संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सर्विस परीक्षा 2025 में जयपुर के दुर्गापुरा स्थित श्रीजी नगर निवासी संभव पाटनी ने भी सफलता हासिल की है। संभव की ऑल इंडिया रैंक 608 आई है। हालांकि इस सफलता के बावजूद संभव का लक्ष्य इससे भी बेहतर रैंक हासिल करना है, इसलिए वे एक बार फिर से सिविल सर्विस परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। दैनिक भास्कर से बातचीत में संभव पाटनी ने बताया- सिविल सर्विसेज में जाने की प्रेरणा मुझे अपने परिवार से मिली। मेरे दादा पटवारी थे। बचपन से ही उन्हें देखकर मन में प्रशासनिक सेवा में जाने का सपना पैदा हुआ। उस समय जयपुर के टैगोर पब्लिक स्कूल में पढ़ाई कर रहा था। स्कूल के दौरान ही तय कर लिया था कि आगे चलकर सिविल सर्विसेज की तैयारी करेंगे। प्रशासनिक सेवा में योगदान देंगे। दिल्ली में की तैयारी उन्होंने बताया- साल 2024 से सिविल सर्विसेज की तैयारी को गंभीरता से शुरू किया। इसके बाद आगे की पढ़ाई के लिए दिल्ली चले गया। अपना कॉलेज पूरा किया। पढ़ाई के साथ-साथ यूपीएससी की तैयारी पर पूरा फोकस रखा। कॉलेज और प्रशासनिक सेवाओं से जुड़े सवाल पूछे संभव के अनुसार यूपीएससी इंटरव्यू के दौरान उनसे कई रोचक सवाल पूछे गए। इंटरव्यू बोर्ड ने उनके कॉलेज सेंट स्टीफन से जुड़े सवाल पूछे, साथ ही प्रशासनिक सेवाओं और समसामयिक विषयों से जुड़े प्रश्न भी किए गए। उन्होंने बताया कि इंटरव्यू का अनुभव काफी सीख देने वाला रहा। तैयारी के दौरान डिस्ट्रैक्शन नुकसान पहुंचा सकता संभव का कहना है कि सिविल सर्विस परीक्षा की तैयारी के दौरान सोशल मीडिया से लगभग पूरी तरह दूरी बना ली थी। उनका मानना था कि तैयारी के समय किसी भी तरह का डिस्ट्रैक्शन नुकसान पहुंचा सकता है। इसलिए उन्होंने पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित रखा। अभी संतुष्ट नहीं उन्होंने कहा कि इस बार मिली रैंक से खुशी जरूर है, लेकिन इससे संतुष्ट नहीं हैं। ऐसे में बेहतर रैंक हासिल करने के लिए एक बार फिर से सिविल सर्विस परीक्षा की तैयारी करूंगा और एग्जाम दूंगा। संभव की सफलता से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिवार के लोगों का कहना है कि संभव ने मेहनत और अनुशासन के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्हें उम्मीद है कि अगले प्रयास में वह और बेहतर रैंक के साथ देश की सेवा करेंगे।
