पंजाब सरकार ने त्योहारों को देखते हुए ग्रुप D कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने घोषणा की कि हर ग्रुप डी कर्मचारी को 10,000 रुपए का ब्याज मुक्त एडवांस मिलेगा। इसका मतलब है कि यह राशि कर्मचारी को पहले ही दी जाएगी और उसे कोई अतिरिक्त ब्याज नहीं देना होगा। इस पहल से लगभग 35,894 कर्मचारियों को सीधा फायदा होगा। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य त्योहारों के मद्देनजर लगभग 35,894 कर्मचारियों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि साल 2024-25 के दौरान राज्य में 36,065 ग्रुप डी कर्मचारी थे, जिनमें से 13,375 (लगभग 37 प्रतिशत) ने यह एडवांस लिया, जिस पर 13,37,50,000 रुपए खर्च हुए। वित्त मंत्री चीमा ने कहा कि यदि इस वित्तीय वर्ष में सभी योग्य ग्रुप डी कर्मचारी इस अग्रिम का लाभ लेते हैं, तो कुल अनुमानित खर्च 35.89 करोड़ रुपए होगा। उन्होंने कहा कि 20 करोड़ बजट का प्रबंध किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि अतिरिक्त खर्च की आवश्यकता होगी, तो इस वित्तीय वर्ष के संशोधित अनुमान के माध्यम से अतिरिक्त फंड उपलब्ध कर दिए जाएंगे। दीवाली के त्योहार (20 अक्टूबर) को देखते हुए यह राशि 17 अक्टूबर तक जारी कर दी जाएगी। संबंधित कर्मचारियों द्वारा इस पैसे की अदायगी पांच समान मासिक किश्तों में की जाएगी, जिसकी कटौती प्रक्रिया नवंबर 2025 की तनख्वाह से शुरू होगी। हम खबर को अपडेट कर रहे हैं
