पंजाब शिवसेना प्रमुख संजीव घनौली और सचिन घनौली को जान से मारने की धमकी मिली है। सोमवार दोपहर करीब 2 बजे उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप कॉल आई थी, जिसमें उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। यूके नंबर (+44) से धमकी देने वाले ने अपना नाम बघेल सिंह बताया और दावा किया कि फिरोजपुर में आरएसएस नेता के पोते की हत्या उसी ने करवाई है। घणोली ने बताया कि, कॉलर ने खुद को “शेर-ए-पंजाब ब्रिगेड” का सदस्य बताया और उन्हें और सचिन घनौली को जान से मारने की धमकी दी। सिलसिलेवार तरीके से पढ़ें पूरा मामला… संजीव घनौली ने कहा कि वे इन धमकियों से डरकर पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने बताया कि वे हमेशा हिंदू समाज और पंजाब के हितों के लिए खड़े रहे हैं। आरोपी ने बातचीत के दौरान उन पर हिंदू पंचायतें, रैलियां और कार्यक्रम आयोजित कर पंजाब का माहौल खराब करने का आरोप लगाया। पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश संजीव घनौली ने कहा कि विदेशों में बैठे कुछ लोग पंजाब का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन वे किसी भी दबाव में नहीं आएंगे। संजीव घनौली और सचिन घनौली ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे तत्वों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए और पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।