पंजाब और चंडीगढ़ में आज (बुधवार) से लगातार तीन दिन यानी 30 तारीख तक लोगों को घने कोहरे और शीतलहर का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने इस बाबत ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, आज तीन जिलों में बारिश की संभावना है। पहाड़ों पर हो रही बारिश और पंजाब के विभिन्न हिस्सों में हुई बारिश व ओलावृष्टि के कारण अधिकतम तापमान में 3.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। अब तापमान सामान्य से करीब 4.9 डिग्री नीचे पहुंच गया है, जिससे ठंड और बढ़ गई है। बठिंडा में अधिकतम तापमान 18 डिग्री दर्ज किया गया है, जबकि सबसे कम तापमान 7.7 डिग्री लुधियाना में दर्ज हुआ। आज कैसा रहेगा मौसम मौसम विभाग के मुताबिक, आज (बुधवार को) अमृतसर, तरनतारन, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, एसएएस नगर (मोहाली) और मलेरकोटला में कुछ जगहों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं, पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा और संगरूर में कुछ स्थानों पर शीतलहर चल सकती है। हालांकि तीन जिलों, पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 30 जनवरी से फिर बदलेगा मौसम इस समय उत्तर पाकिस्तान और आसपास के इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। आसमान में हवाओं का एक घुमाव है, जो मौसम को प्रभावित कर रहा है। यह सिस्टम उत्तर-पूर्व अरब सागर से लेकर सौराष्ट्र, कच्छ और पश्चिमी राजस्थान होते हुए पंजाब तक फैला हुआ है। 30 जनवरी 2026 की रात से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत में असर दिखा सकता है, जिससे मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। न्यूनतम तापमान में होगी गिरावट मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल ने बताया कि 28, 31 जनवरी और 1 फरवरी को कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। 2 फरवरी को भी राज्य के कुछ इलाकों में बारिश के आसार हैं। अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम 29 जनवरी: अमृतसर, तरनतारन, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, मोगा, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, एसएएस नगर (मोहाली) और मलेरकोटला में कुछ जगहों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। जबकि, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला और मानसा में कुछ स्थानों पर शीतलहर चल सकती है। 30 जनवरी: अमृतसर, तरनतारन, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, मोगा, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, एसएएस नगर (मोहाली) और मलेरकोटला में कुछ जगहों पर घना कोहरा रहने की संभावना है। अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला और मानसा में कुछ स्थानों पर कड़ाके की ठंड / शीत लहर चल सकती है। आने वाले समय में मौसम साफ और सूखा रहने की संभावना है। 31 जनवरी: कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।