पंजाब के 3 बॉर्डर जिलों के 10 ठिकानों पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने रेड की। NIA ने बताया कि ये रेड 2025 में अमृतसर के एक मंदिर पर हुए ग्रेनेड हमले की जांच के सिलसिले में कार्रवाई आगे बढ़ाने के लिए की गई है। एजेंसी ने बताया कि गुरुवार को पंजाब के अमृतसर, तरनतारन और गुरदासपुर में कुल 10 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया। NIA की टीमों ने इस तलाशी के दौरान भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है। इसमें कई मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल हैं। NIA ने कहा कि बरामद दस्तावेजों और डिजिटल डिवाइस की जांच के बाद इस आतंकी साजिश के और भी गहरे तार जुड़ने की उम्मीद है। 14 मार्च 2025 की रात हुआ था ग्रेनेड अटैक
मामला 14 मार्च 2025 की रात का है। उस दिन दो लोगों ने अमृतसर के शेर शाह रोड, खांडवाला स्थित ठाकुरद्वारा सनातन मंदिर के बाहर विस्फोट हुआ था। NIA की जांच में यह खुलासा हुआ था कि ये सामान्य विस्फोट न होकर ग्रेनेड हमला था। यह हमला पंजाब में आतंक फैलाने की एक बड़ी साजिश का हिस्सा था। जांच के अनुसार, इस हमले को विदेशों में बैठे हैंडलर्स के निर्देश पर अंजाम दिया गया था, जो भारत में लोगों को भर्ती करने और उन्हें फंड मुहैया कराने का काम कर रहे हैं। विशाल और गुरसिदक ने फेंका था ग्रेनेड
जांच एजेंसी ने पाया कि मंदिर पर ग्रेनेड फेंकने का काम विशाल और गुरसिदक नामक 2 आरोपियों ने किया था। फिलहाल विशाल NIA की गिरफ्त में है, जबकि दूसरे आरोपी गुरसिदक की मौत हो चुकी है। इन दोनों को विस्फोटक सामग्री बटाला के कादियां निवासी शरणजीत कुमार ने दी थी। शरणजीत वारदात के बाद झारखंड और बिहार भाग गया था, जिसे NIA ने पिछले सितंबर 2025 में गिरफ्तार कर लिया था। उसकी निशानदेही पर गुरदासपुर जिले से 3 हैंड ग्रेनेड और एक पिस्तौल भी बरामद की गई थी। आतंक के सफाए के लिए जारी रहेगा अभियान
NIA ने स्पष्ट किया है कि विदेशों से संचालित होने वाले इन टेरर मॉड्यूल्स को खत्म करने और देश की सुरक्षा एवं संप्रभुता को बनाए रखने के लिए एजेंसी के प्रयास लगातार जारी रहेंगे। उधर, NIA की ये रेड ठीक उस समय हुई है जब पंजाब सरकार खुद गैंगस्टरों का सफाया करने के लिए ऑप्रेशन प्रहार चला रही है।