अमृतसर में अकाल तख़्त साहिब के सचिवालय में गुरुवार को एक बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता कार्यकारी जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने की। बैठक में पंजाब सहित अन्य राज्यों से 17 से अधिक प्रमुख सिख जत्थेबंदियों, सेवा संस्थाओं और राहत टीमों ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य बाढ़ पीड़ित परिवारों के लिए पारदर्शी और सुव्यवस्थित राहत प्रणाली तैयार करना था। इस दौरान बताया गया कि नया राहत पोर्टल “सेवा कनेक्ट” लगभग तैयार है और इसे आज या कल जनता के लिए लॉन्च कर दिया जाएगा। इस पोर्टल के माध्यम से बाढ़ प्रभावित परिवार अपनी जरूरत दर्ज कर सकेंगे, जबकि सेवा संस्थाएं अपनी ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली मदद को रजिस्टर करेंगी। बैठक में उठे मुख्य मुद्दे राशन, दवाइयां, कपड़े आदि राहत सामग्री का पारदर्शी वितरण। प्रभावित गांवों का सर्वे कर वास्तविक ज़रूरतमंदों तक सहायता पहुंचाना। बाढ़ के बाद उत्पन्न चुनौतियां जैसे- घरों का गिरना, कीचड़ की समस्या, बीमारियां और मच्छरों से फैलने वाले रोगों पर विशेष ध्यान। सेवा जत्थेबंदियों का योगदान ग्लोबल सिख और अन्य संगठनों ने बताया कि पहले दिन से ही राहत कार्य शुरू कर दिए गए थे। वालंटियर टीमें रोज सुबह गांवों में जाकर स्थिति का आकलन करती हैं और रात को रिपोर्ट तैयार करती हैं। इन्हीं रिपोर्टों के आधार पर अगले दिन की राहत योजना बनाई जाती है। जत्थेदार साहिब की अपील जत्थेदार सिंह साहिब ने सभी संगठनों से अपील की कि वे आपसी सहयोग से राहत कार्य करें ताकि न तो कोई सामग्री बर्बाद हो और न ही कोई पीड़ित परिवार मदद से वंचित रहे। साथ ही, वालंटियर्स और दानदाताओं को संदेश दिया गया कि वे निरंतर सेवा करते रहें और सही दिशा-निर्देशों के साथ राहत कार्य को और प्रभावी बनाएं।