पंजाब के अमृतसर में पुलिस ने आतंकी मनप्रीत सिंह उर्फ टिड्‌डी को गिरफ्तार किया है। स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) अमृतसर ने आरोपी के पास से एक मॉडर्न .30 बोर पिस्टल और जिंदा कारतूस के अलावा 2 इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) भी बरामद किए हैं, जिनमें हाई-ग्रेड RDX भरा हुआ था। दोनों में टाइमर डिवाइस लगे हुए थे। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने गांव कोटला तरखाना इलाके से IED बरामद किए हैं, जो उसने नहर किनारे छिपा रखे थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आतंकी टिड्‌डी पाकिस्तान, आर्मेनिया, ब्रिटेन (यूके) और जर्मनी में बैठे हैंडलरों के संपर्क में था। आतंकी पर पहले से ही 2 मामले दर्ज
टिड्‌डी गांव कोटला तरखाना (अमृतसर) का ही रहने वाला है। पुलिस को उसका आपराधिक रिकॉर्ड मिला है। वह पहले सदर बटाला और कलानौर थानों में दर्ज 2 मामलों में नामजद रह चुका है। सूत्रों के अनुसार, वह करीब डेढ़ साल तक गुरदासपुर और अमृतसर जेलों में बंद रहा। इस दौरान उसके संपर्क पाकिस्तानी तस्करों से बने। फरवरी 2025 में रिहा होने के बाद दोबारा आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया। 2 सप्ताह पहले पाकिस्तान से भेजा गया पैकेट
अमृतसर SSOC के एआईजी सुखमिंदर सिंह मान ने बताया कि विशेष खुफिया सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने टिड्‌डी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसने खुलासा किया कि करीब दो सप्ताह पहले पाकिस्तान में बैठे हैंडलर ने अजनाला में ड्रोन के जरिए यह विस्फोटक सामग्री भेजी थी। आतंकी ने नहर किनारे छिपाया था पैकेट
उन्होंने बताया कि आरोपी ने यह पैकेट खुद लेने गया था। इसके बाद उसने पैकेट को अपने गांव कोटला तरखाना के पास नहर किनारे छिपा दिया। हैंडलरों ने उसे निर्देश दिए थे कि वह स्टैंडबॉय पर रहे और आदेश मिलने पर यह विस्फोटक सामग्री किसी अन्य संपर्क व्यक्ति को सौंप दे।
———— ये खबर भी पढ़ें… अमृतसर से 2 आतंकी गिरफ्तार, एंटी टैंक रॉकेट लॉन्चर बरामद पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर अमृतसर से दो आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एंटी टैंक रॉकेट लॉन्चर (RPG) मिले। पुलिस का दावा है कि ये दोनों पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के एक ऑपरेटिव के संपर्क में थे, जिसने इन्हें रॉकेट लॉन्चर मुहैया कराया था। पूरी खबर पढ़ें…