नमस्कार, पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़ी रही। पार्टी ने राज्यसभा में राघव चड्‌ढा को उपनेता पद से हटा दिया है। उनकी जगह अब जालंधर के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल को उपनेता बनाया गया है। AAP ने राज्यसभा चेयरमैन को कहा है कि चड्‌ढा को पार्टी की तरफ से बोलने का टाइम न दिया जाए। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. AAP ने राघव चड्ढा को हटाकर अशोक मित्तल को राज्यसभा में उपनेता बनाया आम आदमी पार्टी (AAP) ने राज्यसभा में अपने नेतृत्व में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को संसद के उच्च सदन में उपनेता के पद से हटा दिया है। उनकी जगह अब जालंधर से सांसद अशोक मित्तल राज्यसभा में पार्टी के नए उपनेता होंगे। इसके साथ ही पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को एक पत्र लिखकर यह भी निर्देश दिया है कि राघव चड्ढा को अब संसद में बोलने के लिए समय आवंटित न किया जाए। यह कदम पार्टी के भीतर चल रही नई रणनीतिक हलचलों की ओर इशारा कर रहा है। पार्टी ने आधिकारिक तौर पर राज्यसभा सचिवालय को सूचित कर दिया है कि राघव चड्ढा की जगह अब अशोक मित्तल उपनेता की जिम्मेदारी संभालेंगे। अशोक मित्तल पार्टी के एक अनुभवी चेहरे माने जाते हैं। वह फगवाड़ा की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के चांसलर भी हैं। इसको लेकर CM भगवंत मान ने कहा- पार्टी की नीतियां चलती रहती हैं। जब हम 4 चुने गए तो धर्मवीर गांधी को लीडर बनाया गया था। उसके बाद मुझे नेता बनाया गया था। यह पार्टी के फैसले हैं तो चलते रहते है। (पढ़ें पूरी खबर) 2. BJP हेडक्वार्टर अटैक- 2 नए वीडियो सामने आए चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पंजाब बीजेपी के मुख्यालय के बाहर हुए ब्लास्ट में नया खुलासा हुआ। सूत्रों के मुताबिक, इस हमले में GHD2P हैंड ग्रेनेड का इस्तेमाल किया गया। यह ग्रेनेड पाकिस्तान में बनाया जाता है। विस्फोट के बाद यह ग्रेनेड करीब 5 से 10 मीटर के दायरे में बेहद घातक साबित हो सकता है। वहीं, इसके टुकड़े 20 से 25 मीटर तक फैल सकते हैं, जिससे आसपास मौजूद लोगों के गंभीर रूप से घायल होने का खतरा रहता है। इससे पहले 2 नए वीडियो सामने आए। हमले से कुछ मिनट पहले वीडियो में BJP ऑफिस के पास एक अन्य दफ्तर के बाहर 2 संदिग्ध खड़े दिखाई दे रहे हैं। वहीं, दूसरे वीडियो में हमले के बाद दोनों संदिग्ध सड़क के दूसरी ओर भागते हुए कैद हुए हैं। इसके साथ ही पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट को चौथी बार बम से उड़ने की धमकी मिली है। इस बार ईमेल पुलिस हेडक्वार्टर में आई। बताया जा हा है कि इससे पहले जो तीन ईमेल आईं, वे हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार की सरकारी ईमेल पर आईं। सुरक्षा एजेंसियां हाईकोर्ट की जांच कर रही है। (पढ़ें पूरी खबर) 3. बच्ची को 8 कुत्तों ने घेरा, जमीन पर गिराकर नोचा फाजिल्का में एक 9 साल की बच्ची पर गली में बैठे 8 कुत्तों ने हमला कर दिया। बच्ची अपने दोस्त के घर खेलने जा रही थी। तभी रास्ते में बैठे कुत्तों ने उसे घेर लिया। डर के कारण बच्ची भागने लगी, लेकिन कुत्ते उसके पीछे दौड़ पड़े और उसे जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद कुत्तों ने उसकी टांगों पर काट लिया, जिससे वह घायल हो गई। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने तुरंत हस्तक्षेप कर बच्ची को कुत्तों से छुड़वाया। घायल बच्ची को बाद में उपचार के लिए ले जाया गया। बताया जा रहा है कि उसकी टांग पर कुत्तों के नोचने से चोट आई है। घटना विजय कॉलोनी की है। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। उसमें साफ देखा जा सकता है कि जैसे ही बच्ची गली से गुजरती है, कुत्ते अचानक उसकी ओर दौड़ते हैं। बच्ची घबराकर भागती है, लेकिन कुत्ते उसे पकड़ लेते हैं। (पढ़ें पूरी खबर) 4. CM के बाद जालंधर सांसद चन्नी ने जालंधर में घर बनाया जालंधर से सांसद एवं पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने जालंधर के खजूरला गांव में अपना घर बना लिया है। चन्नी ने बताया कि घर में पाठ रखा है। अगले बुधवार को पाठ के भोग के साथ गृह प्रवेश होगा। चन्नी ने कहा कि चुनाव के वक्त उन्होंने जालंधर के लोगों से वादा किया था कि वह यहीं पर रहेंगे। 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए भी जालंधर के गांव खजूरला का चुनाव किया गया है। ये गांव रोड कनेक्टेड होने के साथ कैंटोनमेंट के पास है। हाईवे से कनेक्ट भी हैं। जालंधर विधानसभा चुनाव का कैंप बनना शुरू हो गया है। इससे पहले सीएम भगवंत मान ने भी ओल्ड बारादरी में अपना घर लिया है। भाजपा के बड़े नेताओं के पहले से ही जालंधर में घर हैं। चन्नी ने कहा कि लोगों के साथ किया अपना एक और वादा पूरा कर दिया है। चुनाव के दौरान उन्होंने वादा किया था कि वह सिर्फ वोट लेने नहीं आए, बल्कि जालंधर के पक्के निवासी बनकर यहां के लोगों की सेवा करेंगे। इसी वादे को निभाते हुए उन्होंने जालंधर में अपना नया घर तैयार कर लिया है। जहां अब वह पक्के तौर पर रहेंगे। (पढे़ं पूरी खबर) 5. मुंहबोली बहन से रेप, काम के बहाने राजस्थान ले जाकर कैद किया अबोहर में एक गांव की महिला को मजदूरी के बहाने राजस्थान ले जाकर बंधक बना लिया। उसे 10 दिनों तक कैद में रखा और उसके साथ रेप किया गया। आरोपी उसी गांव का युवक है, जो महिला को अपनी मुंहबोली बहन कहता था। परिजन ने महिला को राजस्थान से लाकर अबोहर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़ित महिला मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले की रहने वाली है। उसका एक बेटा भी है। महिला ने बताया कि उसके गांव का युवक मंगल सिंह उसे काम के बहाने अपने साथ ले गया। वह किन्नू के बागों में फल तोड़ने का काम करवाता था और उसे बहन कहता था। पीड़िता के अनुसार, 23 मार्च को मंगल सिंह उसे काम करवाने के बहाने ले गया और उसका फोन छीन लिया। राजस्थान के गंगानगर में एक व्यक्ति के घर पर उसे करीब 10 दिन तक बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और रेप किया। (पढ़ें पूरी खबर) 6. रियल एस्टेट कारोबारी से ₹1 करोड़ फिरौती मांगी मोहाली के जीरकपुर में एक रियल एस्टेट कारोबारी से 1 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई है। कॉल करने वाले ने खुद को विदेश में बैठे गैंगस्टर डोनी बल का छोटा भाई बताया और कहा कि कारोबारी का घर, दफ्तर और गाड़ियां उसकी निगरानी में हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बलटाना के रहने वाले मनमोहन सिंह उर्फ सोनू (34) ने पुलिस को बताया कि 26 मार्च की शाम करीब सवा 6 बजे उन्हें एक इंटरनेशनल नंबर से वॉट्सऐप कॉल आई। कॉल करने वाले ने पंजाबी में बात करते हुए जान से मारने की धमकी दी और 1 करोड़ रुपए की मांग की। पीड़ित के अनुसार, 28 मार्च को उन्हें दोबारा कॉल आई। इस बार आरोपी ने खुद को विदेश में बैठे गैंगस्टर डोनी बल का छोटा भाई बताया। उसने कबड्डी प्रमोटर राणा बलाचौरिया के साथ हुई घटना का जिक्र कर कारोबारी को डराने की कोशिश की। (पढ़ें पूरी खबर) 7. गोल्डन टेंपल के रास्ते पर निहंगों ने होटलकर्मी पीटा अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल की ओर जाने वाले रास्ते पर कुछ निहंगों ने एक व्यक्ति को घेरकर उसकी पिटाई कर दी। व्यक्ति को डांटते हुए पहले एक निहंग ने जोरदार थप्पड़ मारा। इसके बाद बाकी निहंगों ने एक-एक थप्पड़ जड़ा। इस दौरान व्यक्ति हाथ जोड़ते और पैर छूते नजर आया। इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें निहंग उस व्यक्ति को डांट रहे हैं और थप्पड़ मार रहे हैं। एक निहंग डंडे भी मारते दिख रहा है। निहंगों का कहना था कि यह व्यक्ति और उसके जैसे कुछ अन्य लोग दरबार साहिब आने वाले श्रद्धालुओं को परेशान कर रहे थे। ये श्रद्धालुओं पर 200-200 रुपए में कमरे लेने का दबाव बना रहे थे और उन्हें अपनी ओर खींच रहे थे। इससे श्रद्धालुओं के मन में गलत छवि बन रही थी। (पढ़ें पूरी खबर) 8. यूट्यूबर नैन्सी ग्रेवाल का आखिरी VIDEO, लाल बैग पकड़े दिखीं कनाडा में पंजाबी इन्फ्लुएंसर नैन्सी ग्रेवाल का हत्या से पहले का लास्ट वीडियो सामने आया है। इसमें वह घर से लाल बैग लेकर गाड़ी में बैठते दिख रही हैं। इस वीडियो को नैन्सी की बहन अलीशा ग्रेवाल ने गुरुवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया। वीडियो शेयर करते हुए अलीशा ने लिखा- आई मिस यू सिस्टर, एवरी सिंगल डे। इसके साथ ही अलीशा ने कहा कि ये नैन्सी ग्रेवाल का लास्ट वीडियो है। बता दें कि 4 मार्च को चाकू मारकर नैन्सी की हत्या कर दी गई थी। कैनेडियन पुलिस के मुताबिक, रात करीब साढ़े 9 बजे हमलावर घर में घुसे। उस समय नैन्सी अपनी किसी बुजुर्ग पेशेंट को देखने के लिए गई थी। जब हमला हुआ तो वह जंगल की तरफ भागी, जहां 2 हमलावरों ने उसके पेट में कई बार चाकू से वार किए। नैन्सी का जन्म हरियाणा में हुआ था, लेकिन बाद में उनका परिवार लुधियाना फिर जालंधर शिफ्ट हो गया। वह कनाडा के विंडसर इलाके में रहती थीं। (पढ़ें पूरी खबर) 9. कनाडा के गुरुद्वारे में झड़प, कमेटी और खालिस्तान सपोर्टरों में हाथापाई कनाडा के सरे शहर के गुरु नानक सिख गुरुद्वारे में कमेटी कंट्रोल को लेकर झड़प हो गई। खालिस्तानी गुट ने बुजुर्गों की ओर से चलाई जा रही सोसाइटी पर कब्जा करने की कोशिश की, जिससे धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें गुरुद्वारे के हॉल में भीड़ और हिंसा दिख रही है। यह वीडियो 30 मार्च का बताया जा रहा है। दरअसल, 30 मार्च को गुरुद्वारे में बुजुर्ग कमेटी के सदस्यों के बीच बैठक चल रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने बैनर लगाकर कमेटी पर कब्जा करने की कोशिश की। संगत ने इसका विरोध किया तो माहौल बिगड़ गया। लोग धक्का-मुक्की करने लगे और बात हाथापाई तक पहुंच गई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग किया। (पढ़ें पूरी खबर) खबर हटके… 10. महिला ने एक साथ 3 बच्चे जन्मे, दो बेटियां और एक बेटा मोगा जिले के कस्बा कोटईसे खां से एक रोचक खबर सामने आई। यहां की स्थानीय निवासी महिला मनदीप कौर ने एक साथ 3 बच्चों को जन्म दिया है। इनमें 2 बेटियां और एक बेटा हुआ। डॉक्टरों की निगरानी में हुई डिलीवरी के बाद मां और तीनों नवजात बच्चे पहले पूरी तरह स्वस्थ थे। हालांकि बाद में पता चला कि इनमें से एक बच्ची की मौत हो गई है। डॉक्टरों का परिवार के सदस्यों ने बताया कि यह डिलीवरी डॉक्टरों की देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। अस्पताल के चिकित्सकों ने भी पुष्टि की है कि सभी बच्चों की हालत सामान्य है। उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित करने के लिए विशेष देखभाल में रखा गया है। इस खबर के सामने आते ही पूरे इलाके में खुशी का माहौल है। मनदीप कौर के पति हरजीत सिंह के घर पर बधाइयों का तांता लग गया। रिश्तेदार, मित्र और पड़ोसी लगातार परिवार को बधाई देने पहुंच रहे हैं और नवजात बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं। मोगा में एक महिला ने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया है। इनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में महिला की सिजेरियन डिलीवरी हुई। जिसमें करीब 30 मिनट का समय लगा। तीनों बच्चों का वजन सवा-सवा किलो था। इनमें से एक बच्ची की डिलीवरी के कुछ समय बाद मौत हो गई। जबकि वजन कम होने कारण दो बच्चों को फरीदकोट रेफर कर दिया गया है। जिले इस तरह का यह पहला मामला है। तीनों बच्चों का वजन सामान्य से कम था। जहां आमतौर पर नवजात का वजन करीब ढाई किलो होता है, वहीं इन बच्चों का वजन करीब सवा-सवा किलो बताया गया। डॉक्टरों ने बच्चों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए फरीदकोट रेफर करने की सलाह दी। इस बीच एक बच्ची की मौत हो गई। इसके बाद परिवार बाकी दो बच्चों को फरीदकोट लेकर गया, जहां उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। परिवार के अनुसार, मां मनदीप कौर की हालत भी ठीक है और वह डॉक्टरों की निगरानी में है। (पढ़ें पूरी खबर) (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)