नमस्कार, पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर डॉ. भीमराव अंबेडकर के स्टैच्यू को तोड़ने से जुड़ी रही। खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने इसका वीडियो जारी किया। उसने दावा किया कि इस घटना को खालिस्तानियों ने अंजाम दिया है। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. हथौड़े से डॉ. अंबेडकर की मूर्ति तोड़ी होशियारपुर में मंगलवार सुबह डॉ भीमराव अंबेडकर के स्टैच्यू को हथौड़े मारकर तोड़ दिया गया। खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने इसका वीडियो जारी किया। उसने दावा किया कि इस घटना को खालिस्तानियों ने अंजाम दिया है। पन्नू ने कहा कि ये स्टैच्यू होशियारपुर के गांव नूरपुर जट्टां में लगा था। गांव के सरपंच शिंगारा राम ने कहा कि सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। उन्होंने कहा कि यह सामुदायिक भावनाओं का मामला है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। घटना का पता चलने पर पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर और गढ़शंकर के विधायक जय कृष्ण रोड़ी पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। सरपंच शिंगारा राम ने बताया कि बाबा साहेब की प्रतिमा को नुकीले हथियारों और हथौड़ों से नुकसान पहुंचाया गया। प्रतिमा का चेहरा तोड़ दिया गया, जबकि उसके चारों ओर लगाए गए शीशे को भी तोड़ दिया गया। हमला करने वालों ने यहां लगाई गई लाइटें भी क्षतिग्रस्त कर दीं। (पढ़ें पूरी खबर) 2. मूसेवाला के पूर्व मैनेजर का पिता ₹1 करोड़ फिरौती केस में गिरफ्तार लुधियाना में फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के कथित पूर्व मैनेजर शगनप्रीत सिंह के पिता को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक इस मामले में पिता-पुत्र दोनों की संलिप्तता सामने आई है। यह मामला खन्ना के पायल क्षेत्र का है, जहां हाल ही में एक आढ़ती से एक करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई थी। फिरौती मांगने वाले ने खुद को गैंगस्टर डोनी बल बताकर पीड़ित को धमकाया था। शिकायत मिलने के बाद खन्ना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि फिरौती की मांग ऑस्ट्रेलिया में बैठे शगनप्रीत सिंह और पंजाब में रह रहे उसके पिता सौदागर सिंह सराओ ने मिलकर की थी। इसके बाद पुलिस ने सौदागर सिंह को पायल से गिरफ्तार कर लिया। उधर, शगनप्रीत की मां दलजीत कौर ने चंडीगढ़ डीजीपी को शिकायत दी। उन्होंने आरोप लगाया कि चंडीगढ़ और पंजाब पुलिस ने उनके पति को घर से उठाया। अवैध रूप से हिरासत में रखा। इस दौरान मारपीट की और 10 लाख रुपए की मांग की। दलजीत कौर ने कहा कि उनके पति की जान को खतरा है। उन्होंने डीजीपी से मांग की है कि पति को सुरक्षित बरामद किया जाए और संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। (पढ़ें पूरी खबर) 3. प्रियंका चोपड़ा गोल्डन टेंपल पहुंचीं, लंगर हॉल में सेवा की बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा गोल्डन टेंपल में पहुंचीं। उन्होंने गुरुघर में माथा टेका और अरदास की। गोल्डन टेंपल में उन्होंने वाहिगुरु का धन्यवाद अदा किया। इस दौरान प्रियंका चोपड़ा ने लंगर हॉल में भी सेवा की। उन्होंने जूठे बरतनों की सफाई और अन्य छोटे-मोटे कार्यों में सहयोग किया। यह देख कर भक्तों में खुशी की लहर दौड़ गई और हर कोई उनकी विनम्रता और साधुता से प्रभावित हुआ। हांलाकि उन्होंने मीडियो से कोई बात नहीं की। (पढ़ें पूरी खबर) 4. पंजाब पुलिस स्टीकर वाली कार पर लिखा- बिश्नोई कनाडा में लॉरेंस गैंग पर अब चोरी के धंधे में शामिल होने का शक जताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, गैंग वहां ट्रेलरों और उनके सामान से जुड़ी चोरी में हाथ आजमा रही है। रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस ने ऑन्टारियो के वॉन इलाके से एक संदिग्ध कार बरामद की है। कार के शीशे पर पंजाब पुलिस का स्टीकर लगा हुआ था और उस पर “बिश्नोई” लिखा हुआ था। इसके अलावा नंबर प्लेट पर भी “आई बिश्नोई” लिखा मिला। पुलिस का कहना है कि जिस फैक्ट्री के बाहर से यह कार मिली, वह चोरी हुए ट्रेलरों को खरीदने का गढ़ मानी जाती है। यहां पूरे ट्रेलर खरीदे जाते हैं और बाद में उन्हें तोड़कर खत्म कर दिया जाता है। पुलिस को शक है कि लॉरेंस गैंग चोरी हुए ट्रेलरों और उनके अंदर लदे सामान को खरीदने का काम कर रही है। हाल के समय में कनाडा में ट्रेलर चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे यह मामला और गंभीर हो गया है। कनाडा पुलिस का कहना है कि यह गैंग अब सिर्फ एक क्रिमिनल गैंग नहीं रह गई, बल्कि एक तरह का आतंकवादी संगठन बन चुकी है। गैंग पर चोरी और वसूली जैसे अपराधों में शामिल होने का भी आरोप है। पुलिस ने कार को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है और वॉन की फैक्ट्री वाली घटना को भी इसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा माना जा रहा है। (पढ़ें पूरी खबर) 5. कनाडा में पंजाबी युवक की 10 गोलियां मारकर हत्या कनाडा के सरे में पंजाबी मूल के जसमन सेखों (27) की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। सेखों ड्रग कारोबार से जुड़ा था। पंजाब से वह कब आया था और कब से ड्रग का कारोबार कर रहा था, इसे लेकर सरे पुलिस जांच में जुटी है। घटना शनिवार की है, लेकिन पुलिस ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि गोलीबारी की आवाज से आसपास के लोग सहम गए। लोगों ने इमरजेंसी नंबर पर फोन किया। 15 मिनट बाद घटनास्थल पर पुलिस पहुंच गई। युवक को सीपीआर देकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने कहा कि युवक पर 10 राउंड से ज्यादा फायरिंग हुई है। उसके घर की कांच की खिड़कियां टूट गई हैं। घटनास्थल पर कांच और खून बिखरा मिला। प्राथमिक जांच में हत्या ड्रग कारोबार में वर्चस्व के चलते की गई है। पुलिस ने बताया कि सेखों शनिवार शाम लगभग 6 बजकर 40 मिनट पर 15100 ब्लॉक 60 एवेन्यू के एक टाउनहाउस में रुका था। यहीं पर गोलीबारी हुई। (पढ़ें पूरी खबर) 6. कल से सफर मंहगा, टोल रेट बढ़े, कैश लेन-देन भी होगा बंद पंजाब में कल यानी 1 अप्रैल से सफर मंहगा हो जाएगा। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने प्रदेश के सभी टोल प्लाजा पर रेट बढ़ा दिए हैं। नए रेट आज रात 12 बजे से लागू हो जाएंगे। लाडोवाल टोल प्लाजा पर सभी वाहनों के लिए 5 रुपए की बढ़ोत्तरी की गई है। वहीं दूसरी तरफ 1 अप्रैल से टोल प्लाजा पर कैश लेनदेन पूरी तरह से बंद हो जाएगी। लाडोवाल टोल प्लाजा के रेट बढ़ाने के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। पिछले साल भी एक अप्रैल से टोल रेट बढ़े थे और रेट में 5 रुपए की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई थी। टोल मैनेजर विपिन राय ने बताया कि NHAI द्वारा 27 मार्च को जारी नोटिफिकेशन के आधार पर दरों में संशोधन किया गया है। लाडोवाल प्लाजा पर कार/जीप/वैन को सिंगल साइड के लिए अब ₹220 के बजाय ₹225 देने होंगे। वहीं राउंड ट्रिप (आने-जाने) के लिए ₹335 की जगह ₹340 चुकाने होंगे। LCV/LGV/मिनी बस के सिंगल यात्रा के लिए 360 के बजाए ₹365 और डबल ट्रिप के लिए ₹550 (पहले ₹545) लगेंगे। मंथली पास 340 के जगह 350 मासिक पास में भी ₹10 की मामूली बढ़ोतरी की गई है। (पढ़ें पूरी खबर) 7. खेड़ी वाले बाबा की पॉलिटिकल एंट्री पर विवाद दूसरी शादी करने, घोड़े को पंजाब शृंगार का नाम देने और सार्वजनिक मंचों से अफीम के नशे का समर्थन करने की वजह से सुर्खियों में रहे पंजाब के संगरूर के रहने वाले बाबा गुरविंदर सिंह खेड़ी वाले अब राजनीति में एंट्री कर गए हैं। उन्होंने खड़ूर साहिब से सांसद खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह की पार्टी अकाली दल वारिस पंजाब दे जॉइन की है। इसी के साथ उन्होंने दावा किया है कि पार्टी की ओर से 2027 विधानसभा चुनाव में जो भी उम्मीदवार उतारे जाएंगे, उनके पक्ष में वह प्रचार करेंगे। यह ऐलान उन्होंने पार्टी में शामिल होने के बाद किया। हालांकि, सोशल मीडिया पर लोग बाबा गुरविंदर और अमृतपाल सिंह की पार्टी दोनों पर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि अमृतपाल सिंह की पार्टी नशे के खिलाफ जंग लड़ रही है। जबकि, बाबा गुरविंदर सिंह नशे का समर्थन करते हैं। फिर ये दोनों साथ कैसे आ सकते हैं? बता दें कि कुछ दिन पहले एक इंटरव्यू में बाबा ने कहा था कि मैं अफीम खाता हूं। पत्नी को भी ये बात बताई थी। (पढ़ें पूरी खबर) 8. घर बुलाकर अश्लील वीडियो बनाने वाला गिरोह पकड़ा कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी में पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो लोगों को घर बुलाकर उनकी अश्लील वीडियो बनाता था, फिर ब्लैकमेल करता था। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। डीएसपी धीरेन्दर वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से 20 हजार रुपए कैश, एक मोबाइल फोन और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। डीएसपी के अनुसार, पीड़ित हरविंदर सिंह ने अपनी शिकायत में बताया था कि 27 मार्च को दोपहर में उन्हें मोना नाम की एक महिला का फोन आया। महिला ने हरविंदर सिंह को बताया कि उसे पता चला है कि वह मकान खरीदना चाहते हैं और उसके पास एक तैयार मकान है, जिसे वह दिखा सकती है। इसी बहाने महिला ने हरविंदर सिंह को अपने घर बुला लिया। जब वह महिला के घर पहुंचे, तो महिला ने अचानक अपने कपड़े उतारकर उनके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं और वीडियो बना लिया। फिर वायरल करने की धमकी देकर 75 हजार रुपए वसूल लिए और 2 लाख रुपए की अलग से मांग करने लगे। (पढ़ें पूरी खबर) 9. पंजाबी ड्राइवर को ₹9 करोड़ जुर्माना, अमेरिका में 200km/घंटे की स्पीड पर दौड़ाई रेंज रेवर अमेरिका के ओहियो सूबे में पुलिस से बचने के लिए पंजाबी मूल के तरसेम सिंह (33) ने रेंज रोवर को 200 की स्पीड में भगाते हुए जीप को टक्कर मार दी। जिसमें प्रेग्नेंट लड़की (17) की मौके पर मौत हो गई। वहीं पेट में पल रहे बच्चे की भी जान चली गई। कोर्ट ने इस मामले में सुनवाई करते हुए तरसेम सिंह पर 1 मिलियन डॉलर (9.4 करोड़ रुपए) जुर्माना लगाया है। कोर्ट ने अब अगली सुनवाई की तारीख 3 अप्रैल तय की है। कोर्ट के फैसले के बाद ओहियो पुलिस ने बताया कि हादसा 16 फरवरी 2026 की रात करीब 8 बजकर 15 मिनट पर हुआ था। उसी समय आरोपी को गिरप्तार कर लिया गया था। 23 मार्च 2026 को उसकी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेशी की गई। वहीं, लड़की की एक्सीडेंट में मौत के बाद लोकल लोगों में सोशल मीडिया पर इंडियन ड्राइवरों को लेकर बहस छिड़ गई है। एक्सीडेंट में मारी गई लड़की और आरोपी के संबंधों को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। (पढ़ें पूरी खबर) खबर हटके 10. दूल्हा बारात नहीं लाया, दुल्हन टीचर करती रही इंतजार मोहाली के जीरकपुर में शादी का बाद करने के बाद भी दूल्हा बारात लेकर नहीं आया। योगा टीचर दुल्हन उसका इंतजार करती रही। इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दी। योगा टीचर ने कहा कि उसकी ऑनलाइन कैब बुकिंग के बाद युवक से मुलाकात हुई थी। इसके बाद आरोपी ने खुद को आर्मी का कैप्टन बताया और उससे दोस्ती बढ़ाई। इसके बाद दोनों में कई बार संबंध बने। वह कई बार उससे मिलने के लिए जीरकपुर में भी आया। दोनों शिमला गए और बात शादी तक पहुंच गई। दोनों की 25 मार्च की शादी तय हुई। योगा टीचर के घर शादी की सारी तैयारियां हो गई। लेकिन तय डेट पर आरोपी युवक बारात लेकर नहीं पहुंचा, फोन भी बदं कर लिया। इसके बाद महिला योगा टीचर ने जीरकपुर थाने में शिकायत दी। (पढ़ें पूरी खबर) (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
