7 महीने बाद जेल से बाहर आए पंजाब के पूर्व मंत्री एवं शिरोमणि अकाली दल (SAD) के सीनियर नेता बिक्रम सिंह मजीठिया से मिलने पार्टी प्रधान सुखबीर बादल पहुंचे। मंगलवार को नाभा जेल से छूटने के बाद मजीठिया चंडीगढ़ स्थित अपने घर पहुंचे। यहां उनका स्वागत हुआ। उन पर फूलों की बारिश की गई। पार्टी के सारे सीनियर नेता वहां पर मौजूद थे। इससे पहले जेल से बाहर आने के बाद समर्थकों को संबोधित करने के बाद मजीठिया पटियाला में गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब पहुंचे। यहां उन्होंने माथा टेका। संबोधन के दौरान उन्होंने पंजाब CM भगवंत मान और आम आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। मजीठिया ने कहा कि सरकार चाहती थी कि मैं मरा बाहर आऊं। मैं भगवंत मान को संदेश देता हूं कि मैंने तो तरी वाले बैंगन खाकर गुजारा कर लिया। तेरा क्या होगा सांबा? विजिलेंस ने अकाली नेता को जून 2025 में आय से अधिक संपत्ति के केस में गिरफ्तार किया था। वह पहले जमानत के लिए हाईकोर्ट में पहुंचे थे। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट में पहुंचे। 2 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी। इसी दिन डेरा ब्यास प्रमुख गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने जेल में मजीठिया से मुलाकात की थी। इस मुलाकात पर CM भगवंत मान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर तंज कसा। मान ने लिखा- कल बन जाए, भले आज बन जाएं, अदालतों का भगवान ही रखवाला, जहां मुलाकाती ही जज बन जाएं। CM की पोस्ट के बाद भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा प्रवक्ता प्रितपाल सिह बलियेवाल ने कहा- अति का खुदा से भी बैर होता है। अब आप भगवान रूपी आत्माओं की भी नुक्ताचीनी करने लगे हैं। राधा स्वामी सत्संग ब्यास के मुखिया बाबा गुरिंदर सिंह जी करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र हैं, लेकिन आपको कौन समझाए। डेरा की संगत और पंजाब की जनता इस अपमान का जवाब देगी। मोहाली में साले की शादी से पहले जीजा ने की आत्महत्या डेराबस्सी के खेड़ी गुजरां गांव में मंगलवार तड़के 27 वर्षीय युवक कुलदीप सिंह ने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आज मृतक के साले की शादी होनी थी। कुलदीप सिंह डेराबस्सी स्थित पीसीसीपीएल फैक्ट्री में कार्यरत था। जानकारी के अनुसार, बचपन में ही उसके पिता का निधन हो गया था। लगभग छह माह पहले उसकी मां की भी मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद से वह गहरे सदमे में था। पूरी खबर पढ़ें…