बूंदी के नैनवां नगरपालिका कार्यालय में मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे पार्षदों और संवेदकों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने नियम विरुद्ध आमंत्रित किए गए वार्षिक टेंडरों को निरस्त करने की मांग करते हुए कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और बाहर धरने पर बैठ गए। इस धरने में पार्षद नबील अंसारी, अमृतराज मीणा, कपिल जैन, पार्षद प्रतिनिधि मनोज वर्मा और निवर्तमान चेयरमैन प्रतिनिधि महेंद्र नागर शामिल थे। इनके साथ संवेदक सत्यनारायण गुर्जर, अशोक चौधरी, प्रदीप प्रधान, कमल पंचोली, मुकेश नागर, जावेद अख्तर, गोरधन शर्मा और राजवीर सिंह नरुका भी मौजूद रहे। टेंडरों में रखी गई शर्तों पर भी आपत्ति
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जिन कार्यों के टेंडर पहले लगभग 9 लाख 99 हजार रुपए के होते थे, उनकी राशि बढ़ाकर 24 लाख 99 हजार रुपए कर दी गई है। इससे नगरपालिका पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने टेंडरों में रखी गई शर्तों पर भी आपत्ति जताई। पार्षदों ने कहा कि जब वे क्षेत्र में विकास कार्यों की मांग करते हैं, तो उन्हें बजट का अभाव बताया जाता है। ऐसे में टेंडरों की राशि बढ़ाना उचित नहीं है।
इस मामले पर नगरपालिका ईओ बृजभूषण शर्मा ने कहा कि कार्यालय में तालाबंदी करना गलत है। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों से बातचीत की जाएगी और वार्ता के बाद टेंडर प्रक्रिया में भाग लेने की अवधि बढ़ाई जा सकती है। कंटेंट: अश्विनी शर्मा, नैनवां।
