नेत्रहीन विकास संस्थान की ओर से संचालित पारसमल बोहरा नेत्रहीन महाविद्यालय भवन का शिलान्यास 21 सितंबर को होगा। जिसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शामिल होंगे। रविवार शाम 4 बजे रामराज नगर चोखा में होने वाले इस कार्यक्रम में नेत्रहीन विद्यार्थियों के लिए हॉस्टल भी बनाए जाएंगे। अमित शाह रविवार दोपहर 3:50 पर जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और 3:55 पर एयरपोर्ट से नेत्रहीन महाविद्यालय के लिए प्रस्थान करेंगे। इसके बाद शाम 5:50 पर जोधपुर एयरपोर्ट से सूरत के लिए रवाना होंगे। नेत्रहीन विकास संस्थान की संस्थापक अध्यक्ष सुशीला बोहरा ने बताया कि संस्थान की स्थापना 15 अगस्त 1977 को दो नेत्रहीन बच्चों के साथ एक पुराने मंदिर के भवन में की गई थी। वर्तमान में संस्था के माध्यम से 1251 छात्र-छात्राएं लाभान्वित हो रहे हैं। अब तक 48 वर्षों की इस लंबी यात्रा में संस्थान की ओर से 4 हजार 626 नेत्रहीन, मूक बधिर एवं मानसिक विमंदित बच्चों के लिए शिक्षा प्रशिक्षण देकर उन्हें समाज में स्थापित किया गया है। संस्थान की ओर से साल 2022 में स्वर्गीय पारसमल बोहरा की स्मृति में राजस्थान का पहला आवासीय नेत्रहीन महाविद्यालय स्थापित किया गया था। जिसका उद्देश्य दृष्टि बाधिर छात्रों को उच्च शिक्षा उपलब्ध करवाना है। भारत के विभिन्न राज्यों से आने वाले विद्यार्थी सामान्य विषयों के साथ-साथ कंप्यूटर स्क्रीन रीडर सॉफ्टवेयर, ब्रेल प्रेस और ऑडियोबुक लाइब्रेरी जैसी आधुनिक सुविधाओं से भी लाभान्वित हो रहे हैं। यहां पर बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ आवास एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण भी नि:शुल्क प्रदान किया जाता है और उन्हें शिक्षा संबंधी उपकरण भी उपलब्ध करवा कर प्रभावी शिक्षा दी जाती है।