निवाई क्षेत्र के किसानों को फसल खराबे का अनुदान शीघ्र मिलेगा। राज्य सरकार यह राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में (डीबीटी) के माध्यम से भेजेगी। इसके लिए किसानों को अपने आवश्यक दस्तावेज तीन कार्य दिवस के भीतर जमा कराने होंगे। तहसीलदार नरेश कुमार गुर्जर ने बताया कि तहसील क्षेत्र में खरीफ फसल वर्ष 2025 (संवत 2082) में बाढ़ और अतिवृष्टि से हुए नुकसान के लिए कृषि आदान अनुदान वितरित किया जाएगा। प्रभावित किसानों की सूचियां डीएमआईएस पोर्टल पर अपलोड की जा रही हैं। सभी प्रभावित किसानों को अपना आधार कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति और गिरदावरी की नकल संबंधित हल्का पटवारी के पास आगामी तीन कार्य दिवस में जमा करवानी होगी। दस्तावेज जमा न करवाने की स्थिति में अनुदान राशि का भुगतान संभव नहीं हो पाएगा। तहसीलदार ने किसानों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि उनका बैंक खाता बंद न हो। साथ ही, आधार कार्ड और बैंक खाता जन आधार से लिंक होना अनिवार्य है। यदि ये लिंक नहीं हैं, तो उन्हें तुरंत लिंक करवाना सुनिश्चित करें ताकि भुगतान प्रक्रिया में कोई बाधा न आए।