भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जयपुर जिले में परिगणना का कार्य प्रगति पर है। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी लगातार इस कार्यक्रम की निगरानी कर रहे हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीणा ने बताया कि 17 नवंबर, सोमवार तक जयपुर जिले में कुल 47 लाख 4 हजार 549 परिगणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं, जिनमें से 11 लाख 90 हजार 611 प्रपत्रों का डिजिटलीकरण किया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जिले में 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक परिगणना चरण संचालित किया जा रहा है। इस चरण में परिगणना प्रपत्रों का वितरण, संग्रहण और डिजिटलीकरण लगातार जारी है। निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन विकल्प भी उपलब्ध कराया है। मतदाता स्वयं अपना परिगणना प्रपत्र https://voters.eci.gov.in/ पर जाकर या दिए गए QR कोड को स्कैन करके ऑनलाइन भर सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने और अपने परिवारजनों के परिगणना प्रपत्र अधिक से अधिक संख्या में ऑनलाइन भरकर इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। जिले में परिगणना प्रपत्रों के डिजिटलीकरण की प्रगति के अनुसार, विधानसभा क्षेत्र बस्सी ने सर्वाधिक 37.65 प्रतिशत प्रपत्रों के डिजिटलीकरण के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया है।