चित्तौड़गढ़ के निंबाहेड़ा के एडीजे राजकुमार चौहान की पत्नी का शव बुधवार को ट्रेन के टॉयलेट में मिला। पति-पत्नी जोधपुर से निंबाहेड़ा के लिए अलग-अलग कोच में बैठे थे। एडीजे राजकुमार चौहान निंबाहेड़ा उतर गए, लेकिन पत्नी उषा नहीं दिखी। मामले की सूचना जीआरपी को दी गई। लेकिन ट्रेन तब तक आगे निकल चुकी थी। पुलिस ने महिला के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की, जो ट्रेन में ही मिल रही थी। रतलाम के जावरा पहुंचने पर ट्रेन को रुकवाया गया और तलाशी ली गई। टॉयलेट के अंदर महिला का शव मिला। डॉक्टरों के अनुसार महिला को साइलेंट हार्ट अटैक आया था। पति-पत्नी दोनों अलग-अलग कोच में थे जीआरपी ने बताया- निंबाहेड़ा में पदस्थ एडीजे राजकुमार चौहान और उनकी पत्नी उषा चौहान 4 मार्च को कांचीगुड़ा-भगत की कोठी एक्सप्रेस (17606) में सफर कर रहे थे। अलग-अलग कोच में रिजर्वेशन था। दोनों जोधपुर स्टेशन से निंबाहेड़ा के लिए बैठे थे। बुधवार सुबह निंबाहेड़ा स्टेशन पर राजकुमार चौहान उतर गए, लेकिन पत्नी नहीं उतरी। तय समय पर ट्रेन प्लेटफॉर्म से रवाना हो गई। स्टेशन पर एडीजे चौहान ने पत्नी को काफी तलाश किया। जब वह नहीं मिली तो उन्होंने जीआरपी को सूचना दी। जीआरपी ने सीसीटीवी चेक किए। कोच से उतरते हुए महिला नजर नहीं आई। इसके बाद आगे के स्टेशनों को जीआरपी ने सूचना दी। जीआरपी ने मोबाइल से ट्रेस की लोकेशन जीआरपी ने महिला के मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस की, जो ट्रेन के अंदर ही मिली। इसी बीच ट्रेन रतलाम जिले के जावरा स्टेशन पहुंच गई। जिस कोच में महिला का टिकट था, वहां पुलिस ने तलाशी ली और इसके बाद टॉयलेट की भी जांच की। टॉयलेट का दरवाजा अंदर से बंद मिला। शक होने पर दरवाजा तोड़ा गया। दरवाजा खोलने पर महिला अंदर मिली। इसके बाद उसे तुरंत जावरा के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पति को फोन कर बताया था वॉशरूम जा रही हूं निंबाहेड़ा पहुंचने से पहले उषा चौहान ने अपने पति को फोन कर बताया कि वह वॉशरूम जा रही हैं। इसके बाद जब ट्रेन निंबाहेड़ा स्टेशन पहुंची तो जज राजकुमार चौहान ट्रेन से उतर गए, लेकिन उनकी पत्नी बाहर नहीं आईं। इस पर जीआरपी ने ट्रेन को मंदसौर में रुकवाया, लेकिन वहां वॉशरूम का दरवाजा नहीं खोला जा सका। रतलाम जीआरपी थाना प्रभारी मोतीराम चौधरी के मुताबिक डॉक्टरों के अनुसार महिला को साइलेंट हार्ट अटैक आया था। बाद में ट्रेन के जावरा पहुंचने पर दरवाजा तोड़कर महिला को बाहर निकाला गया। डॉक्टर बोले- महिला को साइलेंट हार्ट अटैक सूचना मिलने पर रतलाम जीआरपी थाना प्रभारी मोतीराम चौधरी भी मौके पर पहुंचे। महिला के पति और अन्य परिजन भी जावरा पहुंच गए। बाद में परिजन बिना पोस्टमॉर्टम कराए ही महिला का शव अपने साथ ले गए। जोधपुर में अंतिम संस्कार किया जाएगा। एडीजे राजकुमार चौहान करीब 15 महीने से निंबाहेड़ा में कार्यरत है।