नागौर शहर में चोरी की वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है, जिससे आमजन में दहशत का माहौल है और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ताजा मामला विजय वल्लभ चौक जैसे व्यस्ततम क्षेत्र में स्थित एक मोबाइल की दुकान का है, जहां अज्ञात चोरों ने दूसरी बार एयर कंडीशन के पाइप काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

मोबाइल शॉप के मालिक आनंद ने बताया कि दो महीने पहले भी दुकान से एसी के पाइप चोरी हुए थे, जिसकी रिपोर्ट कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई थी, लेकिन पुलिस अब तक कोई सुराग नहीं लगा पाई है। अब एक बार फिर चोर कीमती कॉपर पाइप चोरी कर ले गए हैं। नागौर ​शहर में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि पुलिस लाइन के क्वार्टर भी सुरक्षित नहीं रहे हैं, जहां पहले दो बार चोरी हो चुकी है। इससे पहले 25 जनवरी को भी विभिन्न बैंकों के एयर कंडीशन के पाइप चोरी होने की घटनाएं सामने आई थीं, जिनका खुलासा करने में पुलिस अब तक नाकाम रही है। नागौर पुलिस लाईन में बने सरकारी क्वार्टर में दो बार बड़ी चोरी की वारदाते हो चुकी है इन लगातार होती वारदातों ने पुलिस गश्त के दावों की पोल खोल दी है। कोतवाली थाना पुलिस की ढीली कार्यप्रणाली के चलते व्यापारियों और स्थानीय निवासियों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।
एसपी रोशन मीना ने नागौर कोतवाली थाना क्षेत्र में बढ़ती चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की टीम बनाई गई है। साथ ही हम कोशिश कर रहे हैं अपराधियों का पैटर्न क्रेक करने की। चोरी की वारदातों को रोकने के लिए हम सीसीटीवी कैमरे भी लगवा रहे हैं और बहुत जल्द इन मामलों का खुलासा किया जाएगा।