बालोतरा जिले में पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे डोडा-पोस्त तस्करों का पुलिस ने करीब 15 किलोमीटर तक पीछा किया। सुरपुरा गांव की सरहद में SUV का टायर फटने पर तस्कर वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। पुलिस ने मौके से 438 किलो अवैध डोडा-पोस्त बरामद कर वाहन को जब्त किया है। तस्करों की तलाश जारी है। एसपी रमेश ने बताया- बालोतरा डीएसटी, समदड़ी और कल्याणपुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि डोडा-पोस्त से भरी एक स्कॉर्पियो बालोतरा की ओर आ रही है। इस पर बालोतरा–धवा मार्ग पर ढाणी सांखला गांव के पास नाकाबंदी की गई। अलसुबह करीब साढ़े तीन बजे रनियादेशीपुरा की ओर से आ रही काले रंग की SUV को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक नाकाबंदी तोड़कर फरार हो गया। खेतों के रास्ते से भागे तस्कर एसपी के अनुसार, डीएसटी टीम ने समदड़ी और कल्याणपुर थाना पुलिस के साथ मिलकर संदिग्ध वाहन का पीछा किया। करीब 15 किलोमीटर तक कच्चे रास्तों पर पीछा करने के दौरान सुरपुरा गांव की सीमा में SUV का अगला टायर फट गया। पकड़े जाने के डर से तस्कर वाहन मौके पर ही छोड़कर खेतों के रास्ते अंधेरे में भाग निकले। मारवाड़ क्षेत्र में करने वाले थे सप्लाई एसपी के अनुसार, वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 438 किलो अवैध डोडा-पोस्त बरामद हुआ, जिसे जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप मेवाड़ (चित्तौड़गढ़) क्षेत्र से भरकर मारवाड़ इलाके में सप्लाई की जानी थी। मामले में समदड़ी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बदला तस्करों ने सप्लाई रूट एसपी रमेश ने बताया- लगातार कार्रवाई के चलते तस्करों ने अपने पुराने रूट बदल दिए हैं। पहले मोकलसर–सिवाना नेशनल हाईवे उनका मुख्य मार्ग था, लेकिन अब वे पुलिस की निगरानी से बचने के लिए जालोर सीमा पार करने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों के कच्चे रास्तों से बालोतरा और बाड़मेर की ओर अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई कर रहे हैं। इनपुट : महावीर सेन