बारां जिले में हरनावदाशाहजी-छीपाबड़ौद मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान एक स्कॉर्पियो से 131.520 किलोग्राम डोडा-चूरा जब्त किया गया। हालांकि ड्राइवर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि यह कार्रवाई ऑपरेशन “नशा विनाश” अभियान के तहत की गई। हरनावदाशाहजी थाना प्रभारी दीनदयाल की टीम ने बंजारी गांव के पास नाकाबंदी की थी।
नाकाबंदी के दौरान हरनावदाशाहजी की ओर से आ रही एक सफेद स्कॉर्पियो को रोकने का इशारा किया गया। इस पर ड्राइवर ने गाड़ी नहीं रोकी और नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सड़क पर लोहे की कीलों वाला पट्टा बिछाकर वाहन के टायर पंक्चर कर दिए। पीछे की सीटों पर 9 कट्टों में भरा मिला डोडा-चूरा
इसके बावजूद ड्राइवर कुछ दूरी तक वाहन भगाकर ले गया। बाद में वह वाहन सड़क पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों में फरार हो गया। पुलिस को स्कॉर्पियो की तलाशी के दौरान एक मोबाइल फोन और पीछे की सीटों पर रखे 9 प्लास्टिक कट्टों में भरा 131.520 किलोग्राम डोडा चूरा मिला।
पुलिस ने मादक पदार्थ और वाहन को जब्त कर लिया है। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसकी जांच छीपाबड़ौद थानाधिकारी योगेश चौहान को सौंपी गई है। पुलिस फरार आरोपी और इस तस्करी में शामिल गिरोह की तलाश कर रही है।
