सुल्तानविंड रोड मंदिर वाला बाजार घर में एक नवविवाहिता ने कथित पारिवारिक प्रताड़ना से तंग आकर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतका की पहचान अनमोलदीप कौर (22) के रूप में हुई है। घटना वीरवार दोपहर एक बजे की है। सूचना के बाद लुधियाना से मृतका के पिता मनमोहन सिंह अमृतसर पहुंचे, जिन्होंने दामाद और ससुरालियों पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के लिए सिविल अस्पताल के मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस का कहना है कि बयानों के आधार आगे कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित पिता मनमोहन सिंह ने आरोप लगाते हुए बताया कि बेटी अनमोलदीप कौर की शादी तकरीबन एक साल पहले अमृतसर के युवक के साथ हुई थी। शादी के बाद बच्चा न होने के कारण ससुराल परिवार बेटी को तंग करते थे। बेटी ने कभी उन्हें बताया नही लेकिन अपनी मां को जरूर दो से तीन बार बताया था। पिता को पता न चले उसके लिए बेटी ने मां को कसम दी थी। लेकिन आज फोन आया कि उनकी बेटी की मौत हो गई। अगर बेटी उन्हें पहले बता देती कि वह परेशान है तो वह वापस ले जाते। उन्होंने सुसरालियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी की हत्या कर आत्महत्या के बारे में कह रहे हैं। ससुर बेटी पर बुरी नजर रखता था। एक बार रसोई में उसे पकड़ भी लिया था, जिसकी शिकायत करने पर पति ने भी उसे थप्पड़ मारे थे। परिजनों को शक है कि वारदात वाले दिन भी इसी तरह की हरकत हुई होगी। एसएचओ बलजिंदर सिंह औलख ने बताया कि शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। बयानों के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा।