नवरात्र के पहले दिन नई बाइक हीरो स्पलेंडर खरीदकर आ रहे 2 दोस्तों का नदी की रपट पर बैलेंस बिगड़ गया। दोनों रपट से नदी में गिर गए और तेज बहाव के साथ बह गए। इसकी सूचना उनके पीछे चल रहे तीसरे साथी ने दी। फिलहाल दोनों युवकों की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है। हादसा भीलवाड़ा के पारोली थाना क्षेत्र में बनास नदी की चेनपुरिया पुलिया पर आज शाम करीब साढ़े 5 बजे हुआ। हादसे में रामनिवास और गोपाल निवासी गड़बोदिया गांव की तलाश की जा रही है। जबकि उनके पीछे अपनी बाइक लेकर चल रहा तीसरा साथी कान्हा सुरक्षित है। पहले देखिए… घटना से जुड़ी 3 तस्वीरें थानाधिकारी बोले- बाइक खरीदने से कुछ देर पहले बनाई थी रील
पारोली थाना प्रभारी परबती लाल ने बताया- तीनों युवक दोस्त हैं। आज सुबह ही नवरात्रि के मौके पर रामनिवास के लिए नई बाइक लेने के लिए अपने गांव गड़बोदिया से पारोली के लिए अपने साथी कान्हा की बाइक पर निकले थे। जब एक ही बाइक पर तीनों बाइक लेने जा रहे थे, तो चेनपुरिया पुलिया पर तीनों ने मिलकर रील बनाई, जिसे इंस्टाग्राम पर भी शेयर किया। हालांकि लौटते समय रामनिवास और गोपाल नई बाइक पर आ रहे थे। जबकि कान्हा उनके पीछे अपनी बाइक लेकर चल रहा था। अचानक बाइक चला रहे रामनिवास का बैलेंस बिगड़ गया और बाइक समेत दोनों युवक रपट से नदी में जा गिरे। तेज बहाव होने से दोनों नदी में बह गए। इसकी सूचना कान्हा ने आसपास के लोगों और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन देर रात तक दोनों युवकों का पता नहीं चल सका।