चूरू में शनिवार को ईदगाह मोहल्ले की पुरानी मरकजी ईदगाह में ईद की नमाज अदा की गई। इस अवसर पर हजारों मुस्लिम भाइयों ने देश और राज्य में अमन-चैन तथा खुशहाली की दुआएं मांगी। शहर इमाम पीर अनवर कादरी और शहर काजी अहमद अली ने सभी से अमन-चैन बनाए रखने और सर्व समाज में भाईचारा कायम रखने का आह्वान किया। पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि देश में गंगा-जमुनी तहजीब बनी रहनी चाहिए, जो आपसी प्रेम को बढ़ावा देती है। विधायक हरलाल सहारण ने इस पर्व को सर्व समाज को एकजुटता का संदेश देने वाला बताया।
कांग्रेस के पीसीसी सचिव मुश्ताक खान ने देश में आपसी भाईचारा बने रहने की कामना की। उन्होंने कहा कि रमजान के पाक माह में सर्व समाज एक होकर ईद मनाता है, जो देश की संस्कृति और परंपरा का हिस्सा है। नमाज के बाद जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा और अन्य जनप्रतिनिधियों ने मुस्लिम भाइयों को ईद की मुबारकबाद दी। इस मौके पर अख्तर खान, सत्तार खान चायल, सुरेश सारस्वत, मदन गोपाल बालाण, कपिल रक्षक, बाबू इस्माइल, कांग्रेस के पूर्व प्रधान रणजीत सातड़ा, एडवोकेट आशाराम सैनी, रामचंद्र सुंडा, किशोर दांदू, सोहनलाल मेघवाल और कृष्ण सुंडा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
