नमस्कार, पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाह उड़ी तो लोग कैन और ड्रम तक लेकर पंपों पर पहुंच गए। जोधपुर के पीपाड़ में पुलिस अपनी वर्दी संभाल कर नहीं रख सकी। खेल-खेल में विधायक भाटीजी की मनुहार करने वाला अजमेर का नन्हा फैन सामने आया और सिलेंडर की मारामारी के बीच जोधपुर के महाराजजी की डाइट चर्चा में है। राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में.. 1. पेट्रोल-पंप पर अफवाह का मेला ईरान-इजराइल जंग में कौन किस पर भारी पड़ रहा है ये तो पता नहीं। लेकिन जंग के हालात आम जनता पर जरूर भारी पड़ रहे हैं। गैस सिलेंडर को लेकर मारामारी का माहौल है ही। अब किसी ने अफवाह उड़ा दी कि पेट्रोल पंप बंद होने वाले हैं। तेल की कीमतें बढ़ने वाली हैं। अफवाह तेजी से कई शहरों में फैली। फिर क्या था। देर रात जालोर, बीकानेर, उदयपुर और बांसवाड़ा लोग अपने दुपहिया-चौपहिया लेकर फिलिंग स्टेशनों पर पहुंच गए। मेले जैसा माहौल हो गया। कई जगह पुलिस बुलानी पड़ी। जालोर में तो एक भाई कैन लेकर तेल लेने पहुंच गया। बीकानेर में तो लोग ट्रैक्टर पर ड्रम भराने पहुंच गए। प्रशासन को अपील करनी पड़ी कि भाइयों, पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक है। किसी अफवाह पर ध्यान न दें। पैनिक न हों। नियमित आपूर्ति की जा रही है। 2. थाने में धोकर सुखाई वर्दी, चुराकर किया डांस जोधपुर के पीपाड़ में पुलिस की खूब किरकिरी हो गई। पुलिसवाले ने वर्दी धोकर थाना परिसर में ही सुखा दी। मानसिक रूप से कमजोर एक व्यक्ति परिसर में घुसा और बिलंगणी (तार) से पुलिसवाले की शर्ट उतारकर पहन ली। उसने खाकी पैंट पहनी हुई थी। ऐसे में शर्ट से मैचिंग भी बढ़िया बैठ गई। शर्ट के बटन खुले। व्यक्ति की मौज हो गई। इसी दौरान वहां से डीजे गुजरा। लोग नाच-गा रहे थे। व्यक्ति पर तान चढ़ी और वह सड़क पर डांस करने लगा। एक बार तो लगा कि कोई पुलिसकर्मी नाच रहा है। किसी ने उसका हुलिया देख पगड़ी पहना दी। इसके बाद तो कॉन्फिडेंस सातवें आसमान पर। सोशल मीडिया पर वीडियो आया तो कमेंट्स की झड़ी लग गई। एक यूजर ने लिखा- ये हमारे गांव के ओमाराम चौधरी जी हैं। दिमागी संतुलन ठीक नहीं है। दूसरे ने लिखा- पुलिस खुद की सुरक्षा नहीं कर पा रही है, जनता की क्या करेगी? 3. भाटी जी… फ्लाइट पकड़कर आ जाओ बाड़मेर की शिव विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी की फैन फॉलोइंग जबरदस्त है। युवाओं में तो उनका क्रेज है ही। अब एक नन्हा फैन भी सामने आया। मामला अजमेर में रूपनगढ़ के पास कोटड़ी तहसील के झाग भिलावट गांव का है। गांव के एक बच्चे सूर्यांश का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी शेयर हो रहा है। बच्चा घर के आंगन में खेल रहा है। उसने मिट्टी में दो टिफिन लगाकर पूल बनाया। फिर पूल के उद्घाटन के लिए रविंद्र सिंह भाटी को फोन करता है। मार्बल के टुकड़े को फोन बनाकर बच्चा कहता है- हैलो… हैलो… भाटी साहब आप सही टाइम पर आ जाना। पहले जयपुर की फ्लाइट लेना फिर किशनगढ़ की फ्लाइट लेकर आ जाना। सीधे मेरे घर आ जाना। मेरे घर में खूब जगह है। एक महिला की आवाज आती है। वह बच्चे से पूछती है- क्या कहा भाटी साहब ने? बच्चे ने कहा- भाटी जी बोले कि मैं फ्लाइट लेकर आ रहा हूं। बस सीधा घर ही आऊंगा। फीता काटने आ रहे हैं। बच्चे की मासूमियत देख रविंद्र भाटी ने कमेंट कर नन्हें फैन का हैसला बढ़ाया। लिखा- कपोल कल्पनाओं में इतनी बड़ी दुनिया बसाना ..सच में दिल छू गया। ढेर सारा प्यार और आशीर्वाद। 4. चलते-चलते… कई गाड़ियों के पीछे देसी भाषा में एक जबरदस्त स्लोगन लिखा होता है- यह तो ऐसे ही चलेगी। स्लोगन में आला दर्जे की सकारात्मकता है। दुनिया में कुछ भी हो रहा है। कहीं बम फट रहे हों, कहीं मेले लगे हैं। हम तो ऐसे ही रहेंगे जैसे हैं। स्लोगन यह संदेश देता है कि वक्त अच्छा हो या बुरा, जीने का ढंग नहीं बदलना। जोधपुर की एक गोशाला से जुड़े पदाधिकारी ओमप्रकाश ज्योतिषी के कई वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों को हैरान कर रहे हैं। वे परात में बाजरा की कई रोटियां डालते हैं। उस पर गुड़ रखते हैं। फिर एक-डेढ़ किलो घी डालते हैं। प्याज-मिर्च डालकर रोटियां चूरकर खा रहे हैं। कभी मटकी भर राबड़ी और चरी भर दही परात में उड़ेलकर कर भोजन करते हैं। खाने की यह क्षमता चर्चा में है। लोग मुश्किल वक्त में सिलेंडर के लिए मारामारी कर रहे हैं, इनकी डाइट पर कोई फर्क नहीं। क्योंकि इन्हें चूल्हे पर लकड़ी की आंच में पका भोजन पसंद है। इनपुट सहयोग- भरत सांखला (जालोर), संजय पटेल (बांसवाड़ा), अनुराग हर्ष (बीकानेर), मुकेश हिंगड़ (उदयपुर), अरविंद सिंह (जोधपुर), हनुमान तंवर (नागौर)। वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल मुलाकात होगी..
