जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की सीएसटी टीम और मुरलीपुरा थाना पुलिस ने नकली नोटों के जरिए लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पियूष चौधरी (21) निवासी झुंझुनूं हाल निवासी हरमाड़ा, जयपुर के रूप में हुई है। आरोपी पर पहले से दर्ज ठगी के मामले में 15 हजार रुपए का इनाम घोषित था। स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने बताया- मुरलीपुरा इलाके में सीकर रोड स्थित ढहर का बालाजी क्षेत्र में एक संदिग्ध कार की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस टीम ने निगरानी शुरू की। इसी दौरान बिना नंबर की एक स्विफ्ट कार पुलिस को देखकर मुख्य सड़क छोड़कर कॉलोनी की ओर भागने लगी। पुलिस ने पीछा कर कार को रुकवाया और चालक पियूष चौधरी को हिरासत में लेकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 500-500 रुपए की 14 नकली नोटों की गड्डियां बरामद हुईं। आरोपी इन गड्डियों में ऊपर और नीचे असली नोट लगाकर पूरी गड्डी को असली बताता था। इसके बाद लोगों को ज्यादा रकम देने का लालच देकर असली नकदी ले लेता और बदले में नकली नोटों की गड्डियां थमाकर फरार हो जाता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी नंबर प्लेट लगी कार भी जब्त की है। कार से 7 अलग-अलग नंबरों की नंबर प्लेटें भी बरामद हुई हैं, जिनका इस्तेमाल पहचान छिपाने के लिए किया जाता था। इस संबंध में मुरलीपुरा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र में ठगी का मुकदमा दर्ज है, जिसमें उस पर 15 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने 50 से ज्यादा वारदाते करना स्वीकार किया है।
