सड़क हादसे में 5 मार्च को घायल एक महिला की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन शव को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवाया। जानकारी के अनुसार गुर्जा गांव निवासी रामकली (45) पत्नी प्रकाश कुशवाह अपने बेटे के साथ बाइक पर सवार होकर बरेठा जा रही थीं। वे अपने भाइयों को टीका करने जा रही थीं। पचगांव के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे रामकली गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। बाद में परिजन उसे शहर के एक निजी नर्सिंग होम में उपचार के लिए ले गए। मंगलवार सुबह उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे इलाज के लिए आगरा ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही रामकली ने दम तोड़ दिया। परिजन शव को वापस जिला अस्पताल लाए, जहां पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। सदर थाने में मामला दर्ज होने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
