धौलपुर में बिजली विभाग की मंगलवार को समीक्षा बैठक हुई। जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (JVVNL) के धौलपुर वृत्त में कार्मिक मामलों की सर्किल स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। वृत्त मुख्यालय पर कार्मिक अधिकारी अंकित फेलिक्स मार्टिन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में संस्थापन से जुड़े सहायक, प्रशासनिक अधिकारी और डीलिंग क्लर्क शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य लंबित कार्मिक प्रकरणों की गहन समीक्षा करना और विशेष रूप से अधिमान्यता से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना था। कार्मिक अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विभागीय कार्यवाही में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी प्रकरण तय समयसीमा में पूरे किए जाएं।
बैठक में निलंबित, अनुपस्थित और फरार कर्मचारियों के मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, लंबित पेंशन प्रकरणों को लेकर कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई और संबंधित कर्मचारियों को इन्हें सर्वोच्च प्राथमिकता पर निपटाने के आदेश दिए गए। कार्मिक अधिकारी अंकित फेलिक्स मार्टिन ने चेतावनी दी कि जिन मामलों में डीलिंग क्लर्क स्तर पर लापरवाही पाई जाएगी, उनके खिलाफ तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संस्थापन अधिकारियों को प्रकरणों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि अनावश्यक विलंब और अनियमितताओं से बचा जा सके। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कार्मिकों की वरिष्ठता सूची 1 अप्रैल तक अनिवार्य रूप से प्रकाशित की जाए। इससे वर्ष 2026-27 की विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) समय पर आयोजित हो सकेगी। इसके अलावा, अनुकंपा नियुक्ति के मामलों को भी प्राथमिकता से निपटाने पर जोर दिया गया। इस दौरान नरेंद्र गुप्ता, अखिलेश यादव, रामहेत, राहुल, सुरभि, स्वीटी, देवेश सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।