धौलपुर में जयपुर डिस्कॉम ने वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पहले राजस्व वसूली अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में बसेड़ी उपखंड के सिहोली, कुनकुटा और झील बोरोली गांवों में बिजली बिल का भुगतान न करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। डिस्कॉम ने लगभग 1.05 करोड़ रुपए के बकाया बिलों के चलते 23 डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर हटा दिए। यह विशेष अभियान एसई धौलपुर विवेक शर्मा और एक्सईएन बाड़ी गोविन्द चौधरी के निर्देशन में चलाया गया। डिस्कॉम अधिकारियों ने जिला पुलिस के साथ मिलकर वर्षों से बकाया बिल नहीं भरने वाले उपभोक्ताओं पर सख्त कदम उठाए।
अभियान के दौरान एईएन बी.एस. मीना और जेईएन राहुल उपाध्याय की टीम ने सिहोली, कुनकुटा और झील बोरोली गांवों में कार्रवाई की। इन गांवों में उपभोक्ताओं पर कुल 1.05 करोड़ रुपए की बकाया राशि लंबित थी। लगातार नोटिस और तगादा करने के बावजूद जब बकाया राशि का भुगतान नहीं हुआ, तो मौके से 23 डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर उतारकर डिस्कॉम स्टोर में जमा करा दिए गए। कार्रवाई के समय बसेड़ी थाने से एएसआई राकेश, एएसआई सूरजमल सहित आरएसी का जाप्ता भी सुरक्षा के लिए मौजूद रहा।
डिस्कॉम अधिकारियों ने बताया कि राजस्व वसूली के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। बकाया बिजली बिल का भुगतान न करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
