राज्यसभा सांसद एवं प्रसिद्ध पर्यावरण प्रेमी संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने आज नकोदर में धुस्सी बांध का दौरा किया। उन्होंने वहां चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मंडी बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि धुस्सी बांध पर बनने वाली सड़क का पहला चरण अक्टूबर महीने तक हर हाल में पूरा किया जाए। इससे क्षेत्र के लोगों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। बता दें कि पहले चरण के तहत 14 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाना है। यह सड़क धुस्सी बांध पर गिद्दड़पिंडी से फिल्लौर तक बनेगी। संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने कहा कि जनता से जुड़े विकास कार्यों को समय पर पूरा करना सभी की संयुक्त जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में पुल बनाने का काम शुरू हो चुका है। संत सीचेवाल ने अधिकारियों को पुल के साथ-साथ सड़क के काम में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। संत सीचेवाल ने बताया कि धुस्सी बांध पर सड़क बनने से बांध की मजबूती बढ़ेगी। साथ ही यह सड़क क्षेत्र के लिए बाईपास के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे लोगों का आना-जाना आसान होगा और उनके समय व पैसे दोनों की बचत होगी। विकास कार्यों में देरी न हो सांसद ने मंडी बोर्ड के अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर बिना वजह देरी न हो। काम की क्वालिटी का खास ध्यान रखते हुए इसे तेजी से पूरा किया जाए। इस मौके पर मनरेगा कर्मियों का एक प्रतिनिधिमंडल संत सीचेवाल से मिला और अपनी समस्याएं बताईं। संत सीचेवाल ने उनकी बातें ध्यानपूर्वक सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात की। उन्होंने कर्मियों की सही समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने को कहा।