नगरीय विकास एवं स्वायत शासन मंत्री झाबरसिंह खर्रा ने शुक्रवार को दौसा के बारादरी मैदान में आयोजित शहरी सेवा शिविर का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं में लाभार्थियों को पट्टे एवं चैक प्रदान किए। मंत्री ने संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने शहरी एवं ग्राम सेवा शिविरों का आयोजन किया है। इनके माध्यम से भूमि पट्टा, भूमि विभाजन, नामान्तकरण, सफाई, नाली, सड़क मरम्मत, रोशनी जैसे आवेदन प्राप्त कर आमजन की समस्याओं का जल्द निस्तारण किया जा रहा है। साथ ही, लम्बित रहने वाले मामलों का तय समय सीमा में निस्तारण किया जाएगा। मंत्री ने कहा- प्रदेश में बारिश के दौरान जहां भी सड़के नालियां क्षतिग्रस्त हुई हैं, उसके लिए मंत्रिमंडल की बैठक में 1600 करोड रुपए तक की स्वीकृति के लिए आपदा मंत्री डॉ. किरोडी लाल मीणा को अधिकृत कर दिया गया है। प्रदेश के लिए 2लाख रोड लाइट स्वीकृत कर दी गई है, ऐसे में दिवाली से पूर्व सड़कों की मरम्मत और शहर गली मोहल्ले रोशनी से जगमग होंगे। निकाय चुनाव पर भी बोले वहीं निकाय चुनाव को लेकर यूडीएच मंत्री ने कहा कि सरकार पूरी तरह तैयार है, जिस दिन अन्य पिछड़ा आयोग आंकड़े पेश कर देगा। लॉटरी निकालकर चुनाव आयोग को दे देंगे, अब चुनाव करवाना चुनाव आयोग का काम है। मंत्री के शिविर में निरीक्षण के दौरान हल्की बारिश आई तो लोगों को पंडाल में लगे बैनर, होर्डिंग और कुर्सियां सिर पर रखकर बारिश से बचाव किया। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता जगमोहन मीणा, पूर्व विधायक शंकरलाल शर्मा, नगर परिषद सभापति कल्पना जैमन, कमिश्नर कमलेश मीणा समेत कई अन्य मौजूद रहे।