दौसा में पुलिसकर्मी और वकील के बीच कहासुनी के बाद विवाद हो गया। मामला कोतवाली थाने का है, जहां एक प्रकरण को लेकर एक पक्ष का वकील थाने पहुंचा था कि एक पुलिसकर्मी से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामूली कहासुनी तू-तू मैं-मैं में बदल गई। घटना की जानकारी बार एसोसिएशन को मिलते ही वकीलों में नाराजगी फैल गई। इसके बाद सोमवार को बार एसोसिएशन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। वकील एसपी सागर राणा को ज्ञापन सौंपने पहुंचे, लेकिन वापस लौट आए। जिसके बाद वकीलों ने जिला जज केशव कौशिक को पूरे मामले की जानकारी देकर दोषी पुलिस कर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं दूसरी ओर विवाद बढ़ने की आशंका के चलते अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है।
