प्रतापगढ़ की कोटड़ी थाना पुलिस ने 4 अप्रैल को दो कार्रवाई में 336 ग्राम अवैध अफीम जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत 1 लाख 70 हजार रुपए आंकी गई है। थानाधिकारी रोहित कुमार ने बताया वे अपनी टीम के साथ गश्त कर रहे थे। दिवाला जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर मोवाई थाना कोटड़ी निवासी रूपलाल (58) को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 99 ग्राम अवैध अफीम मिली। दूसरी घटना में, पुलिस टीम मोवाई से मोयाखेड़ा जाने वाले कच्चे रास्ते पर गश्त कर रही थी। मोयाखेड़ा की तरफ से आ रही एक महिला बावर्दी पुलिस जाब्ता को देखकर वापस मुड़ने लगी। थानाधिकारी ने महिला कांस्टेबल की मदद से उसे रोका। महिला से पूछताछ करने पर उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। उसकी प्लास्टिक की थैली की जांच करने पर उसमें 237 ग्राम अवैध अफीम पाई गई। महिला ने अपनी पहचान मोवाई थाना कोटड़ी निवासी कारी बाई (35) बताई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कोटड़ी थाने में उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।