भीलवाड़ा के बिजनेसमैन को दुबई(UAE) में बंधक बनाकर पत्नी से 40 लाख रुपए की फिरौती वसूलने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पीड़ित के ससुर को दुबई से फोन किया और 40 लाख रुपए की डिमांड की। इसके बाद दो बदमाश, बिजनेसमैन के भीलवाड़ा स्थित घर पहुंचे और वहां उनकी पत्नी से 40 लाख रुपए का चेक लिया, जिसकी सूचना मिलते ही दुबई में पीड़ित को छोड़ दिया गया। शुक्रवार देर रात बिजनेसमैन मुकेश टेलर भीलवाड़ा पहुंचे। शनिवार को अपनी पत्नी के साथ सुभाष नगर थाने पहुंचकर पूर्व पार्षद और वांटेड आरोपी फजले रउफ शेख उर्फ लुत्फी, फाइनेंसर योगेश मूंदड़ा और उसके साथी राजू पठान के खिलाफ रिपोर्ट दी। पुलिस ने रविवार को योगेश मूंदड़ा को गिरफ्तार कर लिया। जबकि मास्टरमाइंड फजले रउफ शेख को पकड़ने के लिए लुकआउट नोटिस जारी किया है, जिससे दुबई पुलिस आरोपी को पकड़ सके। वहीं राजू पठान को पकड़ने के लिए जिलेभर में दबिश दी जा रही है। 3 पॉइंट्स में समझिए पूरा घटनाक्रम 1. दुबई में बंधक बनाकर पीटा एसपी सागर राणा ने बताया- भीलवाड़ा निवासी बिजनेसमैन मुकेश टेलर जून में बिजनेस ट्रिप पर दुबई गए थे। 1 जुलाई को दुबई में भीलवाड़ा के पूर्व पार्षद एवं वांटेड आरोपी फजले रऊफ शेख उर्फ लुत्फी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनका अपहरण कर लिया। आरोपियों ने उन्हें एक फ्लैट में 10 दिन तक बंधक बनाकर रखा और इस दौरान उनके साथ मारपीट भी की। आरोपियों ने मुकेश से UAE की करेंसी दिरहम में फिरौती देने की मांग की। इस पर मुकेश ने कहा कि उनके पास फिलहाल 40 लाख रुपए नहीं हैं और इस कारण वे दिरहम में भुगतान भी नहीं कर सकते। 2. ससुर को फोन करके 40 लाख रुपए फिरौती मांगी बिजनेसमैन मुकेश के भीलवाड़ा में रहने वाले ससुर गोपाललाल को आरोपियों ने गुरुवार को फोन कर कहा कि उनके दामाद का अपहरण कर लिया गया है और उन्हें छुड़ाने के लिए 40 लाख रुपए देने होंगे। इसके बाद गोपाललाल अपनी बेटी के घर पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी दी। शुक्रवार को आरोपी योगेश मूंदड़ा और उसका साथी राजू पठान बिजनेसमैन के घर पहुंचे और 40 लाख रुपए का चेक लेकर लौट गए। 3. चेक कंफर्मेशन मिलते ही छोड़ा भीलवाड़ा से चेक की कंफर्मेशन मिलते ही बदमाशों ने दुबई में बंधक बनाए गए मुकेश को छोड़ दिया। इसके बाद बिजनेसमैन मुकेश फ्लाइट से शुक्रवार रात भीलवाड़ा पहुंचे। शनिवार देर रात पति-पत्नी सुभाष नगर थाने पहुंचे और पूर्व पार्षद फजले रऊफ शेख उर्फ लुत्फी, उसके साथी फाइनेंसर योगेश मूंदड़ा और राजू पठान के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। मामले में योगेश मूंदड़ा को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। जबकि साथी राजू पठान के लिए अलग- अलग जगहों पर दबिश दी जा रही है। वहीं मास्टरमाइंड आरोपी फजले रऊफ शेख उर्फ लुत्फी को पकड़ने के लिए लुकआउट नोटिस जारी किया जा रहा है, जिससे दुबई पुलिस उसे गिरफ्तार कर सके।
