बरनाला जिले के पुलिस स्टेशन महलकला के अंतर्गत गांव लोहगढ़ में एक महिला के घर पर हमला कर लूटपाट और मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कई नामजद और अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता गुरदीप कौर निवासी लोहगढ़ ने बताया कि वह अपने रिहायशी मकान में अकेली रहती हैं। उन्होंने अपने घर में तीन दुकानें बनाकर अलग-अलग किराएदारों को किराए पर दे रखी थीं। गुरदीप कौर का अपने जेठ के बेटे गुरप्रीत सिंह फौजी के साथ जमीन को लेकर कोर्ट केस चल रहा है। जेठ की बहू पर लगाया आरोप उनके अनुसार, इसी आपसी विवाद के चलते उनकी दुकानों को खाली करवा दिया गया था।गुरदीप कौर ने बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे, जब वह घर के आंगन में धूप सेंक रही थीं, तभी उनके जेठ की बहू रूपिंदर कौर अपने साथियों के साथ वहां पहुंची। आरोप है कि सभी आरोपी लोहे की रॉड और डंडों से लैस थे। लूट और मारपीट का लगाया आरोप नामजद आरोपियों में रूपिंदर कौर, कुलविंदर सिंह निवासी हठूर, मनप्रीत सिंह उर्फ मनी निवासी भैणी वारिंगा, हरभजन सिंह निवासी भैणी वारिंगा समेत 7 अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं। सभी ने मिलकर दुकानों के ताले तोड़ दिए और अंदर रखा सामान लूटना शुरू कर दिया। नकदी और सामान लूटकर फरार महिला ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने दुकान रखा सामान और 10,000 रुपये की नकदी लूट ली। वहीं विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट भी की।पुलिस स्टेशन महलकला के एसएचओ सरबजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने शिकायतकर्ता गुरदीप कौर के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और आरोपी व्यक्तियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
