दीपावली पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सवाई माधोपुर के बजरिया और सिटी के मुख्य बाजारों में जांच अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर मिठाई, मावा और ड्राई फ्रूट्स सहित खाद्य पदार्थों के 10 नमूने लिए। एक प्रतिष्ठान पर साफ-सफाई में कमी मिलने पर संचालक को सुधार नोटिस जारी किया गया। यह कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, राजस्थान, जयपुर और जिला कलेक्टर व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत की गई। बादाम-काजू से लेकर मिल्क केक तक के सैंपल लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बजरिया बाजार स्थित मेसर्स लादूराम बालकिशन से बादाम और काजू के नमूने लिए। यहां साफ-सफाई संबंधी कमियां मिलने पर संचालक को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी कर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए। मेसर्स गणेश दुग्ध उद्योग से दीपावली पर बिक्री के लिए अलवर से मंगवाए जा रहे मिल्क केक का नमूना लिया गया। श्री राधे डेयरी से केसर बाटी और चीमनदास संतूमल एंड संस से काजू व अखरोट के नमूने लिए गए। वहीं, सिटी स्थित राहुल ट्रेडिंग कंपनी से बादाम और काजू टुकड़ी के नमूने लिए गए। न्यू विजय मावा भंडार और विजय मावा भंडार से मिल्क केक और मावे के नमूने संग्रहित किए गए। रिपोर्ट के आधार पर होगी कानूनी कार्रवाई खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ अमानक या असुरक्षित पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई करने वाली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी वेद प्रकाश पूर्विया, नितेश गौतम, चंचल मीणा, ज्योति अग्रवाल और वीरेन्द्र सिंह राजपूत शामिल रहे। विभाग के अनुसार, दीपावली तक बाजारों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच और निगरानी जारी रहेगी, ताकि आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ मिल सकें।
