चूरू के रतनगढ़ तहसील के मालासर गांव की रोही में एक दिव्यांग किसान की ढाणी में आग लग गई। इस घटना में ढाणी में रखे गहने, घरेलू सामान और बेटे के ऑपरेशन के लिए जमा किए गए 70 हजार रुपए नकद जलकर राख हो गए। मालासर निवासी सुरज्ञानसिंह अपने परिवार के साथ खेत में ढाणी बनाकर रहते हैं। बताया जा रहा है कि एक छोटी सी चिंगारी से आग लगी, जिसने जल्द ही विकराल रूप ले लिया। आग ने ढाणी में बने तीन झोपड़ों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था। इस अग्निकांड में घरेलू सामान, अनाज, सरकारी दस्तावेज और विशेष रूप से 70 हजार रुपए नकद जल गए। पीड़ित सुरज्ञानसिंह दिव्यांग हैं। उन्होंने यह 70 हजार रुपए अपने बेटे अजीत सिंह की आंखों के ऑपरेशन के लिए बड़ी मुश्किल से जमा किए थे, जो आगजनी की इस घटना में नष्ट हो गए।