दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जिले के 90 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल वितरित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक राजेंद्र भांबू थे। उ अतिथियों ने लाभार्थियों को ट्राईसाइकिल की चाबियां सौंपीं और उन्हें बधाई दी। विधायक भांबू ने कहा कि दिव्यांगजन हमारे समाज का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्हें संसाधनों से लैस करना और उनके जीवन को सुगम बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन ट्राईसाइकिलों की मदद से दिव्यांगजन अब अपनी दैनिक जरूरतों और काम-काज के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहेंगे। यह कार्यक्रम एलिम्को (ALIMCO) और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOCL) के आर्थिक सहयोग से आयोजित किया गया। समाज कल्याण विभाग के डिप्टी डायरेक्टर पवन पूनियां ने बताया कि दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयासरत है। हमारा उद्देश्य है कि कोई भी दिव्यांग व्यक्ति अपनी शारीरिक अक्षमता के कारण पीछे न छूटे। मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल वितरण इसी दिशा में एक कड़ी है, जो उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में मील का पत्थर साबित होगी। चेहरों पर दिखी मुस्कान, जताया आभार ट्राईसाइकिल पाकर लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे। अब तक हाथ से चलने वाली साइकिल या बैसाखियों के सहारे संघर्ष करने वाले दिव्यांगों के लिए यह मोटराइज्ड साइकिल किसी वरदान से कम नहीं है। लाभार्थी सुरेश ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब वे आसानी से लंबी दूरी तय कर सकेंगे और अपने छोटे-मोटे व्यापार या काम पर समय से पहुंच पाएंगे।
