दिल्ली में हुए ब्लास्ट के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। इसी क्रम में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री श्याम सुंदर राणा ने जालंधर में बयान दिया कि दिल्ली ब्लास्ट के किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। मंत्री राणा जालंधर के कबीर नगर स्थित एक कॉलेज में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि दिल्ली ब्लास्ट में शामिल सभी आरोपियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले में हरियाणा से कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है और जांच अभी जारी है। मंत्री राणा ने जोर देकर कहा कि कानून के दायरे में रहकर सख्ती से जांच की जाएगी और सभी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पाकिस्तान में सेना तय करती है विदेश नीति मंत्री राणा ने इस दौरान पाकिस्तान की विदेश नीति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में चुनाव तो होते हैं, लेकिन वहां की विदेश नीति राजनीतिक नेताओं के बजाय सेना द्वारा तय की जाती है। राणा के अनुसार, जहां सेना का हस्तक्षेप होता है, वहां लोकतंत्र का कोई अर्थ नहीं रह जाता। ऐसी स्थिति में वे हमेशा संघर्ष की बात करेंगे। उन्होंने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि पाकिस्तान की सेना को सबक सिखाना आवश्यक है।
