अलवर में दिनदहाड़े युवक ने मोबाइल शोरूम मालिक को चाकू मार दिया। आरोपी 5 दिन पहले हुए झगड़े में राजीनामा करने आया था, व्यापारी को बाहर बुलाया। दोनों खड़े होकर बात कर रहे थे। आरोपी ने कहा- 15 लाख रुपए दो तब राजीनामा करूंगा। व्यापारी ने पैसे देने से मना कर दिया। तभी आरोपी ने चाकू निकालकर व्यापारी के पेट में घोंप दिया। इसके बाद बाइक पर बैठकर फरार हो गया। आसपास लोग मौके पर पहुंचे और व्यापारी को संभाला। परिजनों को फोन करके घटना के बारे में बताया। परिजन गंभीर रूप से घायल प्रथम मुखीजा (24) को निजी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया। व्यापारी की हालत गंभीर है। घटना का वीडियो सामने आया है। जिसमें आरोपी मन्नू मीणा मंगलम रेजिडेंसी निवासी व्यापारी प्रथम मुखीजा को चाकू मारते हुए नजर आ रहा है। घटना अखेपुरा थाना क्षेत्र में ज्योतिराव फुले सर्किल के पास प्लेटिनम टावर की रविवार दोपहर 2 बजे की है। सूचना पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पहले देखिए, घटना से जुड़ी 4 PHOTOS 5 दिन पहले किसी विवाद को लेकर हुआ था झगड़ा ASP दीपक कुमार ने बताया- दोनों पक्षों में किसी लड़की से जुड़े मामले को लेकर विवाद चल रहा था। 5 दिन पहले प्रथम मुखीजा अपने दोस्तों के साथ खुदनपुरी जोहड़ पर मन्नू मीणा, धीरज, हर्षित और उसके साथियों के पास गया था। जहां दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई थी। प्रथम के दोस्तों ने इस दौरान चाकू से भी हमला किया था। जिसमें एक युवक को हल्की चोट आई थी। घटना के बाद प्रथम अपने दोस्तों के साथ मौके से फरार हो गया था। मन्नू मीणा, धीरज और हर्षित के साथियों ने वैशाली नगर थाने में नामजद शिकायत दी थी, जिसमें प्रथम मुखीजा का नाम भी था। प्रथम का नाम FIR से हटवाने के लिए आरोपी मन्नू मीणा ने 15 लाख रुपए मांग रहा था। प्रथम ने पैसे देने से मना किया तो मन्नू मीणा नाम के युवक ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया। व्यापारी के पिता बोले- 5 दिन पहले हुआ था झगड़ा घायल प्रथम के पिता राजेश मुखीजा ने बताया- 5 दिन पहले मेरे बेटे का कुछ युवकों से विवाद हो गया था। प्रथम के खिलाफ वैशाली नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। रविवार को मन्नू मीणा, धीरज और हर्षित क्लाउड मोबाइल शॉप पर पहुंचे। राजीनामे के लिए 15 लाख रुपए मांगने लगे। प्रथम ने रुपए देने के लिए मना किया तो मन्नू मीणा ने उसके पेट में चाकू मार दिया। राजेश मुखीजा ने बताया कि वारदात के बाद प्रथम को वहीं पर लहुलूहान हालत में छोड़कर आरोपी मौके से भाग गया। कंट्रोल रूम से प्लेटिनम टावर में चाकूबाजी की सूचना अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम से प्लेटिनम टावर में चाकूबाजी की सूचना मिली थी। सूचना पर अखेपुरा और अरावली विहार थाना पुलिस मौके पर और अस्पताल में पहुंची। घायल प्रथम मुखीजा का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
