डीग जिले के नगर थाना क्षेत्र के गुलमानी गांव में गुरुवार दोपहर एक घर में घुसकर सो रहे युवक पर गोली चला दी गई। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले स्थानीय अस्पताल और फिर अलवर होते हुए जयपुर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, घायल युवक बृजमोहन गुर्जर (22) अपने घर पर दोपहर करीब 1 बजे सो रहा था। तभी गांव का ही आरोपी सचिन गुर्जर घर में घुस आया और सोते हुए बृजमोहन पर फायरिंग कर दी। गोली युवक के कंधे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद घर में हड़कंप मच गया। परिजन तुरंत घायल को बृजनगर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया। अलवर में भी स्थिति नाजुक बनी रहने पर डॉक्टरों ने उसे जयपुर रेफर कर दिया। फिलहाल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है और कंधे से लगातार खून बहने की जानकारी सामने आई है। घायल के बड़े भाई जगमोहन गुर्जर ने बताया कि आरोपी सचिन गुर्जर और उसके परिवार के लोग पिछले कई दिनों से उनके भाई को जान से मारने की धमकियां दे रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सचिन साइबर फ्रॉड से जुड़ा हुआ है और इसी को लेकर पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। हालांकि, कोई बड़ा विवाद नहीं था, इसके बावजूद आरोपी ने जानलेवा हमला कर दिया। जगमोहन ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी के पिता श्रीराम ने भी पहले धमकी दी थी।बताया जा रहा है कि घायल बृजमोहन प्रतियोगी परीक्षा रीट की तैयारी कर रहा था और अपने दो भाइयों में सबसे छोटा है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। — ये खबर भी पढ़ें अलवर जिले में उधार के पैसे मांगने पर फायरिंग:बुजुर्ग के हाथ और सिर पर लगे छर्रे; लाठी-सरियों से अटैक कर पांच के सिर फोड़े अलवर के कठूमर थाना क्षेत्र के गांव बायडा में उधार दिए ढाई हजार रुपए मांगने पर फायरिंग कर दी। लाठी-सरियों से हमला कर परिवार के 6 जनों के सिर फोड़ दिए। बुजुर्ग के हाथ व सिर पर छर्रे लगे हैं। सभी 6 जने अलवर जिला अस्पताल में भर्ती हैं। मारपीट में 8 जनों को चोटें आई हैं। यह घटना शुक्रवार शाम की है। (पूरी खबर पढ़ें)