चूरू जिले के रतनगढ़ में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 15 महीने की पोती को गंदे नाले में डुबोकर मारने का आरोप उसकी दादी पर लगा है। पुलिस ने मृतका की मां की शिकायत पर दादी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। रतनगढ़ थानाधिकारी गौरव खिड़िया ने बताया कि वार्ड 44 निवासी 27 वर्षीय निलोफर पत्नी अकरम बिसायती ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। निलोफर के अनुसार उसकी सास जरीना शादी के बाद से ही उससे रंजिश रखती थी।
रविवार को निलोफर की 15 महीने की बेटी सना घर में खेल रही थी। तभी उसकी सास जरीना उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई। बेटी के घर से गायब होने पर निलोफर ने उसकी तलाश शुरू की। पुलिस और नगरपालिका कर्मियों ने नाले से निकाला शव
निलोफर की देवरानी तारा पत्नी मोहम्मद और चाचा ससुर रुस्तम ने बताया कि सना को जरीना अपने साथ ले गई थी। इसके बाद निलोफर ने थाने में घटना की सूचना दी, जिस पर पुलिस सक्रिय हुई। बाद में पता चला कि सास जरीना ने बच्ची सना को रामचंद्र पार्क से ईदगाह मस्जिद की ओर जाने वाली सड़क पर बने गंदे नाले के पानी में डुबोकर मार दिया। निलोफर, उसकी देवरानी और चाचा ससुर मौके पर पहुंचे। पुलिस और नगरपालिका कर्मियों ने मिलकर बच्ची को मृत अवस्था में नाले से बाहर निकाला। लापता सना का शव रविवार सुबह करीब 7 बजे नाले से बरामद किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी सास जरीना को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।