लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला के विशेषाधिकारी (OSD) और राजस्थान कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता के जन्मदिन के अवसर पर शनिवार को डाबी बरड़ क्षेत्र में विभिन्न सेवा कार्य किए गए। ग्राम पंचायत डोरा और लांबाखोह में रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया, जिनमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन शिविरों में कुल 216 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। इस दौरान जरूरतमंद विधवा महिलाओं को खाद्य सामग्री भी वितरित की गई। ग्राम पंचायत डोरा के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में सुबह 10 बजे शिविर का शुभारंभ सेवानिवृत्त पूर्व थानाधिकारी संपत सिंह राणावत ने फीता काटकर किया। डोरा में 111 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जिसमें युवाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस अवसर पर 71 विधवा महिलाओं को खाद्य सामग्री के पैकेट वितरित किए गए। युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अर्पित भाट और पप्पू लाल भाट ने अतिथियों का स्वागत किया। भाजपा मंडल अध्यक्ष सत्यनारायण सोलंकी, गजराज सिंह हाड़ा, शंभु सिंह सोलंकी, वीरेंद्र शर्मा सहित कई कार्यकर्ता इस दौरान उपस्थित रहे। लांबाखोह में भी रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 105 यूनिट रक्त संग्रह हुआ। हाड़ा परिवार ने राजीव दत्ता के जन्मदिन का केक काटा और उनके दीर्घायु होने की कामना की। मुख्य अतिथि संपत सिंह राणावत के साथ समाजसेवी गजराज सिंह हाड़ा, भगवत सिंह हाड़ा और युवा मोर्चा जिला मंत्री विक्रम सिंह हाड़ा ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष गोपाल धाकड़, सरपंच अंबालाल बैसला, ललित यादव, अशोक सावला, सुनील जैन, अशोक टांक, मांगीलाल मेहता, बालमुकुंद मेवाड़ा, छोटू लाल प्रजापत, रघु हाड़ा और सरपंच कांति बाई भील सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग दिया।
