अजमेर के भिनाय थाने में भाजपा पंचायत समिति सदस्य और उनके देवर के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि 23 मार्च को घर में चोरी हुई थी, जिसमें सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी हो गई। जब वे शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे, तो वहां तैनात कॉन्स्टेबल ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। कॉन्स्टेबल ने धमकी दी कि “बाहर निकल जा, नहीं तो इलाज कर दूंगा।” घटना का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें कॉन्स्टेबल और युवक से बहस करते नजर आ रहे हैं। पीड़ित पक्ष का कहना है कि पुलिस ने उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया और मुकदमा दर्ज करने में देरी की। कॉन्स्टेबल के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। मामले में एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने कहा- घटना उनके संज्ञान में आई है और वे मामले की निष्पक्ष जांच कराएंगे। बाहर निकल जा, नहीं तो इलाज कर दूंगा भाजपा पंचायत समिति सदस्य के देवर ने बताया- शनिवार को मैं और मेरी भाभी शिकायत लेकर थाने गए थे। वहां तैनात कॉन्स्टेबल हेमसिंह ने न केवल उनकी भाभी के साथ बदसलूकी की, बल्कि उन्हें भी धक्का देकर थाने से बाहर निकाल दिया। कॉन्स्टेबल ने उन्हें धमकी दी- बाहर निकल जा, नहीं तो इलाज कर दूंगा। पुलिस ने उनकी चोरी का मामला भी दर्ज नहीं किया है। मकान का ताला टूटा हुआ मिला भाजपा पंचायत समिति सदस्य ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया- 21 मार्च 2026 को वे रिश्तेदार के घर गई थीं। 23 मार्च को घर लौटने पर मकान का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर आलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था। आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात, जरूरी दस्तावेज और करीब 7 हजार रुपए नगद गायब थे। चोरी हुए सामान में करीब पांच तोला सोने का हार, डेढ़ तोला के झूमर, दो तोला की रखड़ी-झेला सेट, आधा तोला के टोप्स, तीन तोला का मंगलसूत्र, आधा तोला की अंगूठी और करीब 300 ग्राम चांदी की 2 जोड़ी पायजेब शामिल हैं। इसके अलावा आई-10 कार की आरसी और प्रॉपर्टी के दस्तावेज भी चोरी हो गए। भाजपा महिला नेता ने बताया- 23 मार्च को सुबह करीब 11 बजे चोरी की वारदात छोटे बेटे के सामने हुई थी। यह वारदात मेरे पति की पहली पत्नी के बेटे ने की है। जब उनके नाबालिग बेटे ने रोकने की कोशिश की, तो उसने चाकू दिखाकर उसे चुप करा दिया। 4 महीने पहले पति की मौत हो गई थी। जब से आरोपी अलग रह रहा था। आरोपी ने बेटे को जान से मारने की धमकी दी, जिससे वह और उनका परिवार दहशत में हैं। इसी डर के कारण रिपोर्ट देने में देरी हुई।