उदयपुर के सवीना थाने में एक घंटे तक एंबुलेंस में युवक तड़पता रहा। बाद में उसे एमबी हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। सुबह 4 बजे बदमाशों ने उसे लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर चाकू से वार कर दिया। सूचना पर परिजन पहुंचे और हॉस्पिटल ले गए। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद थाने में मामला दर्ज करवाने के लिए भेज दिया। गंभीर रूप से घायल युवक प्रेम गमेती (32) थाने के सामने एम्बुलेंस में दर्द से एक घंटे तक कराहता रहा। बार-बार कह रहा था कि ‘जल्द मुझे हॉस्पिटल ले चलो, मैं मर जाऊंगा।’ आखिरकार, उसे एमबी हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन वहां प्रेम गमेती ने दम तोड़ दिया। घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि डॉक्टरों की लापरवाही के कारण प्रेम की जान गई। परिजनों ने मुआवजे और लापरवाह डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद सवीना और हाथीपोल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में किया। अब देखिए, प्रदर्शन से जुड़ी 2 PHOTOS…
अब जानिए पूरा मामला
प्रेम गमेती के साले हीरालाल ने बताया- हमारे जीजा प्रेम गुरुवार सुबह 4 बजे घर (विजयसिंह पथिक नगर, सवीना) से कृषि मंडी में काम पर जा रहे थे। सेक्टर-8 से गुजर रही रेलवे लाइन के पास 3 बदमाशों ने उनको घेर लिया। बदमाशों ने लूटने की कोशिश की, तो उन्होंने विरोध किया। इस पर बदमाशों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जीजा के चिल्लाने पर बदमाश मौके से फरार हो गए। किसी राहगीर ने पुलिस को सूचना दी। हम लोग पुलिस के सहयोग से गंभीर रूप से घायल जीजा को सेटेलाइट हॉस्पिटल ले गए , जहां से उनको एमबी हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। यहां डॉक्टरों ने उनको टांके लगाए और पट्टी कर दी। फिर डॉक्टरों ने थाने में ले जाकर रिपोर्ट लिखवाने को कहा। जीजा को एंबुलेंस में लेकर थाने में रिपोर्ट लिखवाने पहुंचे तो वहां एक घंटे तक रिपोर्ट नहीं लिखी गई। घायल प्रेम गमेती एंबुलेंस में दर्द से कराहते रहे। लूट की नीयत से युवक पर चाकू से हमला किया
सवीना थानाधिकारी लादूराम ने बताया- प्राथमिक जांच में यह पता चला है कि लूट की नीयत से युवक पर चाकू से हमला किया गया था। युवक के पीठ, कमर, हाथ सहित 5 से 6 जगह गंभीर घाव हैं, जिसके कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोपियों को पकड़ने के लिए 4 अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए उनकी पहचान करने की कोशिश कर रही हैं। परिजनों ने मुआवजे की मांग की है।
प्रेम गमेती की मौत के बाद परिजनों का हंगामा
प्रेम गमेती की मौत के बाद एमबी हॉस्पिटल के बाहर परिजनों ने प्रदर्शन किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि डॉक्टरों की लापरवाही के कारण प्रेम की जान गई। परिजनों ने मुआवजे और लापरवाह डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद सवीना और हाथीपोल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में किया। डॉक्टरों की लापरवाही की जांच होगी
एमबी हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. आरएल सुमन ने बताया- इलाज में कहां कमी रही है, इसका पता लगाने के लिए डॉ. अखिलेश की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी मामले की जांच करके रिपोर्ट सौंपेगी। मृतक के परिजनों के जो भी आरोप हैं, उन्हें लेकर संबंधित डॉक्टरों और स्टाफ के बयान लिए जाएंगे।