धौलपुर जिले के दिहौली थाने की खिड़की तोड़कर आंध्र प्रदेश का तस्कर फरार हो गया। आरोपी 261 किलोग्राम गांजा तस्करी के मामले में पुलिस रिमांड पर था। सुबह 6 बजे कॉन्स्टेबल मनोज ने देखा तो आरोपी श्रीनिवासन टी लॉकअप में नहीं था। कॉन्स्टेबल ने थानाधिकारी शैतान सिंह को सूचना दी। इसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जिलेभर में नाकाबंदी करवाई गई, लेकिन आरोपी का सुराग नहीं लगा। घटना रात 3 बजे से सुबह 6 बजे के बीच की बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में कांस्टेबल विष्णु और जोगेश को निलंबित कर दिया है। पुलिस ने फरार आरोपी की फोटो पड़ोसी राज्यों को भेजने के साथ ही आंध्र प्रदेश पुलिस से भी संपर्क किया है। NH-44 पर कार से पकड़ा था 261 किलो गांजा थानाधिकारी शैतान सिंह ने बताया- 17 अक्टूबर को मनियां थाना पुलिस और यातायात पुलिस ने एनएच-44 पर बगचौली खार मोड़ के पास एक कार की तलाशी ली थी। कार से 11 प्लास्टिक के कट्टों में 261 किलो 110 ग्राम गांजा बरामद किया था। इसकी कीमत करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपए थी। पुलिस ने आंध्रप्रदेश के नंबर की कार को जब्त कर आंध्र प्रदेश निवासी श्रीनिवासन टी (45) और गेडम अमर चैतन्य (45) को गिरफ्तार किया था। दौसा ले जा रहे थे गांजे की खेप पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया था कि वे गांजे की खेप आंध्र प्रदेश के बल्लीगौड़ा से दौसा ले जा रहे थे। मामले में NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। इसकी जांच दिहौली थाना प्रभारी शैतान सिंह को सौंपी गई थी। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से एक आरोपी को जेल भेज दिया गया, जबकि श्रीनिवासन टी को पुलिस रिमांड पर रखा गया था। खिड़की तोड़कर थाने से भागा आरोपी पुलिस के अनुसार, श्रीनिवासन टी शनिवार रात करीब 3 बजे से सुबह 6 बजे के बीच थाने की खिड़की तोड़कर फरार हो गया। घटना के समय कांस्टेबल विष्णु और जोगेश की ड्यूटी थी। आरोपी के फरार होने की जानकारी मिलते ही पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और जिलेभर में नाकाबंदी कराई। आगरा और झांसी में दो टीमें भेजी गई हैं। आरपीएफ और जीआरपी को भी आरोपी की फोटो भेजकर सूचित कर दिया गया है। पुलिस को अंदेश है कि आरोपी ट्रेन से आंध्र प्रदेश भागने की फिराक में होगा।
लापरवाही पर दो कांस्टेबल निलंबित पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में कांस्टेबल विष्णु और जोगेश को निलंबित कर दिया। साथ ही फरार आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए।
