सांगानेर तहसील के पालड़ी परसा गांव में तालाब की भूमि को बंजर या बारानी भूमि के रूप में बदलने के मामले में राज्य सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। इस गंभीर अनियमितता के चलते तहसीलदार सहित चार राजस्व कार्मिकों को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशों पर की गई है। राजस्व मंडल ने सांगानेर तहसीलदार कार्तिकेय लाटा और नायब तहसीलदार सूरज सिंह बैरवा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। इसके अतिरिक्त, जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर पटवार हलका देवलिया की वर्तमान पटवारी नयनसी वर्मा और तत्कालीन पटवारी हाकिम सिंह गुर्जर को भी इस प्रकरण में संलिप्तता पाए जाने पर निलंबित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, गड़बड़ी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया है कि प्रत्येक शिकायत का त्वरित संज्ञान लेकर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति न हो।
