भरतपुर पुलिस ने करीब 4 साल पहले खेतों में मिली बच्चे की खोपड़ी की गुत्थी सुलझा ली है। बच्चे के पिता से दुश्मनी के चलते तांत्रिक घर के बाहर खेल रहे 2 साल के मासूम को उठा ले गया था। इसके बाद गर्दन काटकर हत्या कर दी थी और खोपड़ी खेत में फेंक दी थी। तांत्रिक मासूम के पिता की प्रेमिका से फिजिकल रिलेशन बनाना चाहता था। पिता ने तांत्रिक को टोका तो उसने धमकी दी कि उसे देख लेगा और उसके बेटे को जान से मार डालेगा। जुलाई 2025 में पुलिस ने तांत्रिक का ब्रेन मैपिंग और नार्को टेस्ट करवाया तो उसने सच उगल दिया। गुरुवार को नार्को टेस्ट की रिपोर्ट आते ही पुलिस ने तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया। वैर सीओ धर्मेंद्र शर्मा ने बताया- तांत्रिक विजय सिंह (45) निवासी निवासी नगला खरबेरा, वैर (भरतपुर) को 2 साल के मासूम गोलू पुत्र बलबीर सिंह की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। साल 2021 में बच्चे की खोपड़ी मिली थी, लेकिन धड़ का अभी तक पता नहीं चल पाया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि उसने बच्चे के धड़ को कहां फेंका। घर के बाहर से हुआ था बच्चे का किडनैप
सीओ धर्मेंद्र शर्मा ने बताया- रूप सिंह निवासी नगला खरबेरा (भरतपुर) ने 18 दिसंबर 2021 को वैर थाने में FIR दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि मेरे छोटे भाई बलवीर का लड़का गोलू दोपहर 12 बजे घर के बाहर खेल रहा था, जिसकी कोई जानकारी नहीं मिल रही है। परिवार के लोगों ने उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। गोलू को ढूंढने के लिए डॉग स्क्वॉड और FSL की टीमों की मदद ली गई। साइबर सेल को मौके पर बुलाकर BTS का डेटा लिया गया। गांव के तालाब और कुएं में सर्च किया गया। लाउड स्पीकर से अनाउंसमेंट भी करवाया गया था। इसके बाद भी गोलू का पता नहीं लग पाया। 21 दिन बाद खेतों में मिली थी मिली खोपड़ी
धर्मेंद्र शर्मा ने बताया- 9 जनवरी 2022 को गांव के खेतों में एक बच्चे की खोपड़ी कटी हुई मिली। DNA टेस्ट से पता चला कि ये खोपड़ी गोलू की थी। पुलिस ने तांत्रिक विजय सिंह समेत कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी, लेकिन उसने हत्या करने की बात से इनकार कर दिया था। पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई थी। जुलाई 2025 में पुलिस ने तांत्रिक समेत कुछ संदिग्धों का पॉलीग्राफी टेस्ट करवाया, लेकिन पॉलीग्राफी में पुलिस को कोई लीड नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने ब्रेन मैपिंग और नार्को टेस्ट करवाया तो उसने हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया- गोलू के पिता बलबीर का एक महिला से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। विजय सिंह भी उस महिला के साथ अवैध संबंध बनाना चाहता था। इसके लिए वह उस महिला का पीछा करने लगा। तांत्रिक ने पिता को दी थी बेटे को मारने की धमकी
एक दिन विजय सिंह ने बलवीर की प्रेमिका को खेतों में पकड़ लिया और फिजिकल रिलेशन बनाने का दबाव बनाने लगा। तब महिला ने कहा कि वह उसकी शिकायत गांव में करेगी। इस पर विजय सिंह ने धमकी दी कि वह गांव में उसकी बदनामी कर देगा और तंत्र विद्या से उसे मार देगा। धमकी से डरकर महिला ने किसी को विजय सिंह की हरकत के बारे में नहीं बताया, लेकिन उसने बलवीर को इस बारे में बता दिया। इस पर बलवीर ने विजयसिंह से मिलकर प्रेमिका को परेशान नहीं करने के लिए कहा। इस दौरान दोनों में झगड़ा हो गया था। विजय सिंह ने बलवीर को धमकी दी की वह उसे देख लेगा और उसके बेटे को जान से मार देगा। 18 दिसंबर 2021 को मौका मिलते ही घर के बाहर खेल रहे गोलू का किडनैप किया और हत्या कर दी।
