तरनतारन पुलिस ने ददेहर साहिब गांव के पास हुई लूट और हत्या के मामले में एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। बता दे कि यह वारदात 17 मार्च 2026 को हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। फिरोजपुर रेंज के डीआईजी स्नेहदीप शर्मा के निर्देशों और डीजीपी पंजाब गौरव यादव के विशेष अभियान के तहत, तरनतारन के एसएसपी सुरेंद्र लांबा की देखरेख में जांच टीमें गठित की गई थीं। इन टीमों ने तकनीकी और खुफिया जानकारी का इस्तेमाल कर आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार शिकायतकर्ता रंजीत कौर ने 17 मार्च 2026 को सरहाली पुलिस स्टेशन में बयान दर्ज कराया था। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब 1 से 1:30 बजे के बीच वह अपने पति के साथ मोटरसाइकिल पर सरहाली की ओर जा रही थीं। ददेहर साहिब रोड पर पीछे से आए दो नकाबपोश लड़कों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इलाज के दौरान हुई मौत जब उन्होंने बाइक नहीं रोकी, तो हमलावरों ने उनकी मोटरसाइकिल को लात मारी, जिससे वे एक पेड़ से टकराकर गिर गए। हमलावरों में से एक ने कुल्हाड़ी से उनके पति पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें गुरु नानक देव सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, तरनतारन में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। दो आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुआ था केस इस घटना के बाद, सरहाली पुलिस ने दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा संख्या 38, दिनांक 17-03-2026 दर्ज किया था। पुलिस ने अब इस मामले में दविंदर सिंह उर्फ कालू निवासी मंगल दास कॉलोनी चोहला साहिब और गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी निवासी धुन रोड चोहला साहिब के रूप में दो मुख्य आरोपियों की पहचान की। आरोपी गिरफ्तार, नकदी बरामद जिस पर तरनतारन पुलिस ने दविंदर सिंह उर्फ कालू को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पता चला कि घटना के समय दविंदर सिंह मोटरसाइकिल के पीछे बैठा था। दविंदर से लूटी गई रकम में से 5500 रुपए भी बरामद किए गए। आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा
